करियर के पीक पर राजनीति में कदम रखेंगी भूमि पेडनेकर? बोलीं- मौका मिला तो क्यों नहीं?

करियर के पीक पर राजनीति में कदम रखेंगी भूमि पेडनेकर? बोलीं- मौका मिला तो क्यों नहीं?

भूमि पेडनेकर ने हाल ही में एक बयान दिया, जिसने उनके फैंस को हैरान कर दिया। भूमि ने राजनीति में शामिल होने की अपनी इच्छा जाहिर की है। भूमि से जब राजनीति में आने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने बिना देर किए झट से हां में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मेरे खून में ही देश की सेवा लिखी है।

बॉलीवुड की शानदार और बेबाक अभिनेत्रियों में शुमार भूमि पेडनेकर अक्सर अपनी फिल्मों और दमदार किरदारों को लेकर चर्चा में रहती हैं। भूमि अक्सर देश के बड़े मुद्दों पर अपनी राय रखती नजर आती हैं, जिस वजह से वह सोशल मीडिया पर चर्चा का एक विषय बन जाती है। इस बार भी वह सुर्खियों में हैं और वजह भी उनका एक चौंकाने वाला बयान हैं। भूमि के इस ताजा बयान ने देश के सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। एक्ट्रेस के बयान से संकेत मिले हैं कि वह राजनीति में जा सकती हैं। आइये जानते हैं उनका क्या है ये हैरान करने वाला बयान...

भूमि पेडनेकर ने दिया राजनीति में आने पर बयान 

भूमि पेडनेकर ने हाल ही में महाराष्ट्र में महिला सशक्तिकरण (Women Empowerment) के मुद्दे पर आयोजित एक खास कार्यक्रम में शिरकत की थी। इस इवेंट के दौरान जब उनसे सीधा सवाल पूछा गया कि क्या वह भविष्य में कभी राजनीति का हिस्सा बन सकती हैं? तो भूमि ने बिना किसी हिचकिचाहट के बेहद सकारात्मक जवाब दिया।

भूमि ने कहा, "मेरे खून में ही देश की सेवा करना ही लिखा है। अब यह सेवा भविष्य में जिस भी रूप में मेरे सामने आएगी, मैं उसे पूरे दिल से अपनाना चाहूंगी। फिलहाल मैं फिल्मों में अपनी कहानियों और किरदारों के जरिए समाज में बदलाव लाने और लोगों की सेवा करने की कोशिश कर रही हूं। लेकिन अगर आगे चलकर मुझे इससे भी ज्यादा गहराई से और बड़े स्तर पर देश के लिए काम करने का मौका मिलता है, तो मैं भला क्यों नहीं करना चाहूंगी?"

ऑफ-स्क्रीन भी समाज के लिए काम करती हैं भूमि

अपनी विचारधारा को बेहद सरल बताते हुए भूमि पेडनेकर ने आगे कहा, "मेरी सोच हमेशा से बहुत साफ और सिंपल रही है। मैं अपने देश के लिए जितना हो सके, उतना योगदान देना चाहती हूं। यहां तक कि मैं फिल्मों से दूर (ऑफ-स्क्रीन) रहकर भी जो सामाजिक काम करती हूं, उसके पीछे भी मेरा यही अटूट विश्वास और इरादा काम करता है। मैं असल जिंदगी में भी वही इंसान हूं जो पर्दे पर दिखती हूं। माध्यम चाहे राजनीति हो या सिनेमा, मेरा मुख्य इरादा हमेशा देश की सेवा करना ही रहेगा।"

अब पर्दे पर वकील के किरदार में नजर आएंगी एक्ट्रेस 

अगर भूमि पेडनेकर के वर्क फ्रंट की बात करें, तो उन्हें आखिरी बार अमेजन प्राइम वीडियो की बेहद चर्चित क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज 'दलदल' (Daldal) में एक पुलिस ऑफिसर के दमदार रोल में देखा गया था। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार भूमि ने अब अपनी अगली फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी है, जिसमें वे एक बार फिर वकील (Lawyer) की भूमिका निभाती नजर आएंगी। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक इस फिल्म के नाम और इसकी रिलीज डेट का आधिकारिक एलान नहीं किया है। दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले साल 2019 में आई आयुष्मान खुराना की सुपरहिट फिल्म 'बाला' (Bala) में भी भूमि एक वकील का किरदार निभा चुकी हैं। फैंस अब उनके इस नए प्रोजेक्ट के साथ-साथ उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत का भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।