अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़: कबीरधाम में 900 किलो माल पकड़ा, 5 करोड़ की खेप जब्त

चिल्फी थाना क्षेत्र में कार्रवाई, कंटेनर समेत तस्कर गिरफ्तार

  • ओडिशा से राजस्थान ले जाई जा रही थी मादक पदार्थ की खेप
  • 30 बोरियों में छिपाकर रखा गया था गांजा, वाहन भी जब्त

कबीरधाम जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए लगभग 9 क्विंटल गांजा बरामद किया है। चिल्फी थाना पुलिस ने नागालैंड पासिंग कंटेनर से करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य की मादक पदार्थ की खेप जब्त की है। मामले में राजस्थान निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

कबीरधाम। जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चिल्फी थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर एक कंटेनर को रोका गया, जिसमें भारी मात्रा में गांजा परिवहन किया जा रहा था। तलाशी के दौरान वाहन से 30 बोरियां बरामद हुईं, जिनमें प्रत्येक बोरी में 30 किलो गांजा भरा था। कुल वजन लगभग 900 किलो बताया गया है।

जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजा ढोने में प्रयुक्त कंटेनर को भी जब्त कर लिया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

कार्रवाई के दौरान आयाज खान, निवासी भरतपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खेप ओडिशा से लोड कर राजस्थान ले जाई जा रही थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

अधिकारियों के अनुसार, जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विस्तृत जांच की जा रही है।