रिसाली में विकास का बड़ा पैकेज, पेयजल योजना पर 134.87 करोड़ होंगे खर्च

40 वार्डों में स्ट्रीट लाइट से लेकर दो मुक्तिधामों के विकास तक घोषणाएं; दुर्ग जिले में 362 कामों का लोकार्पण-भूमिपूजन, विरोध से पहले NSUI कार्यकर्ता हिरासत में

रिसाली में विकास का बड़ा पैकेज, पेयजल योजना पर 134.87 करोड़ होंगे खर्च

दुर्ग-भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दुर्ग दौरे में विकास और राजनीतिक विरोध दोनों मुद्दे सामने आए। रिसाली नगर निगम के लिए मुख्यमंत्री ने करीब 137 करोड़ रुपए की नई परियोजनाओं की घोषणा की, जिसमें 134.87 करोड़ रुपए की वृहद पेयजल योजना प्रमुख है। इसके अलावा 40 वार्डों में स्ट्रीट लाइट और दो मुक्तिधामों के उन्नयन को मंजूरी देने की घोषणा की गई। जिले में कुल 402 करोड़ 12 लाख रुपए से अधिक के 362 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी कार्यक्रम का हिस्सा रहा। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री के विरोध की तैयारी कर रहे NSUI पदाधिकारियों को पुलिस ने डिटेन कर लिया।

रिसाली में पेयजल व्यवस्था को मिलेगा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का फोकस केवल सड़क और निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की मूलभूत जरूरतों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। रिसाली की नई पेयजल परियोजना से निगम क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को मजबूत करने का लक्ष्य है।

137 करोड़ की चार घोषणाएं

रिसाली निगम के लिए घोषित पैकेज में 134 करोड़ 87 लाख रुपए की वृहद पेयजल योजना शामिल है। वार्ड 1 से 40 तक स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 2 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। नेवई और जोरातराई के मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपए की घोषणा की गई है। इस तरह चारों परियोजनाओं का कुल पैकेज करीब 137 करोड़ रुपए का है।

402 करोड़ से ज्यादा के कामों को हरी झंडी

दुर्ग जिले में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कुल 362 विकास कार्यों को लोकार्पण और भूमिपूजन के लिए शामिल किया गया। इनमें 39 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण तथा 323 नए कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। कुल परियोजनाओं की लागत 40,212.70 लाख रुपए है। पूर्ण हो चुके 39 कार्यों पर 11,858.75 लाख रुपए खर्च हुए हैं, जबकि नए 323 कार्यों की अनुमानित लागत 28,353.95 लाख रुपए है।

भिलाई नगर निगम में 23 लोकार्पण और 182 भूमिपूजन, भिलाई-चरोदा में 11 लोकार्पण और 97 भूमिपूजन तथा रिसाली में 2 लोकार्पण और 22 भूमिपूजन प्रस्तावित हैं। अहिवारा नगर पालिका और विभिन्न विभागों की परियोजनाएं भी इसमें शामिल हैं।

साइबर अपराध की जांच के लिए नया थाना

मुख्यमंत्री ने सेक्टर-6 भिलाई स्थित महिला थाना के पास करीब 35 लाख रुपए की लागत से बने नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन का उद्घाटन किया। रुआबांधा पुलिस चौकी का भी लोकार्पण हुआ। नया साइबर थाना दुर्ग संभाग के दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों से जुड़े साइबर अपराधों की शिकायतों और गंभीर मामलों की जांच करेगा। ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों में डिजिटल साक्ष्यों की जांच भी यहां की जाएगी।

विरोध की रणनीति पर पुलिस की नजर

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान NSUI ने विरोध प्रदर्शन की तैयारी की थी। प्रदेश महासचिव आकाश कनौजिया के नेतृत्व में कार्यकर्ता खुर्सीपार चौक पर काले झंडे दिखाने की तैयारी में थे। पुलिस ने प्रदर्शन से पहले NSUI के कई पदाधिकारियों को डिटेन कर लिया। इससे पहले प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया था। कलेक्टर अभिजीत सिंह, दुर्ग एसएसपी और निगम अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का जायजा लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की थी।