भारत में चिप निर्माण की राह अब हुई आसान, 12 सेमीकंडक्टर प्लांट तैयार : मोदी
आईआईटी खड़गपुर के 75 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री का संबोधन, बोले- पांच दशक पहले कंपनी को नहीं लगाने दिया गया, अब देश में शुरू हो रहा उत्पादन
खड़गपुर (ए)। तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में सेमीकंडक्टर उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में इस बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस देश में कभी चिप निर्माण की शुरुआती कोशिशों का विरोध हुआ था, आज वही देश सेमीकंडक्टर उत्पादन का केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि लगभग 50 साल पहले एक कंपनी भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण के लिए आई थी। उस समय उसका विरोध करते हुए लाल झंडा दिखाया गया और यह सवाल उठाया गया कि भारत को इसकी जरूरत क्यों है। जब दूसरे देश पहले से ही चिप बना रहे हैं तो भारत को इस दिशा में प्रयास करने की क्या आवश्यकता है।
मोदी ने कहा कि उन्होंने इस पुरानी सोच को आगे बढ़ने की राह में बाधा नहीं बनने दिया। अधिकारियों के साथ बैठकर जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करवाईं और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण बनाने की पहल की। उनके अनुसार, पिछले चार वर्षों में कई कंपनियों ने भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
कई कंपनियों ने शुरू किया उत्पादन
प्रधानमंत्री के मुताबिक, भारत में अब सेमीकंडक्टर से जुड़ी 12 प्लांट फैसिलिटीज हैं। माइक्रोन टेक्नोलॉजी, केन्स सेमीकॉन, सीजी सेमी, कॉन्टिनेंटल डिवाइस इंडिया और सुचि सेमीकॉन जैसी कंपनियों में उत्पादन शुरू हो चुका है। इससे इलेक्ट्रॉनिक्स और चिप निर्माण के क्षेत्र में देश की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।
स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत से जुड़ा है संस्थान
आईआईटी खड़गपुर के 75 वर्ष पूरे होने पर आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री ने संस्थान के इतिहास को भी याद किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की धरती स्वतंत्रता आंदोलन की महत्वपूर्ण केंद्र रही है। जिस परिसर में आज आईआईटी खड़गपुर स्थित है, वह कभी स्वतंत्रता सेनानियों का डिटेंशन कैंप हुआ करता था। ऐसे ऐतिहासिक स्थान पर स्थापित संस्थान ने शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक बदला भारत
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 75 वर्षों में देश ने विकास के अनेक पड़ाव पार किए हैं। भारत ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन और डाक पत्रों से सोशल मीडिया तक का सफर तय किया है। यह बदलाव देश की तकनीकी प्रगति और नई संभावनाओं को दर्शाता है।
करीब 23 मिनट के भाषण में उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं को चुनौतियों से मुकाबला करने का संदेश दिया। मोदी ने कहा कि देश की ताकत इस बात से तय होती है कि वह कितनी बड़ी चुनौतियों को स्वीकार कर उन्हें चुनौती देने का साहस रखता है।
समारोह में प्रधानमंत्री ने आईआईटी खड़गपुर के विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और पूर्व छात्रों को 75 वर्ष की उपलब्धियों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि आईआईटी में बिताया गया समय जीवनभर याद रहता है। संस्थान से जुड़े लोग वर्षों बाद भी मिलते हैं तो पुरानी यादें साझा करते हैं।
suntimes 