सड़क निर्माण कंपनी ने भाजपा नेता पर लगाया 50 लाख मांगने का आरोप, एसपी से एफआईआर की मांग
निर्माण स्थल पर कर्मचारियों से मारपीट और गाली-गलौज का भी आरोप, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
राजनांदगांव। सड़क निर्माण को लेकर राजनांदगांव जिले में विवाद गहरा गया है। निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने भाजपा नेता एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा पर 50 लाख रुपए मांगने, कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर प्रोजेक्ट मैनेजर ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना से संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
निर्माण स्थल पर हुआ विवाद
शिकायत के मुताबिक मेसर्स कन्हैयालाल अग्रवाल कंपनी द्वारा राजनांदगांव-डोंगरगांव-चौकी-मोहला-मानपुर मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष साहू ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि 20 नवंबर 2026 को ग्राम कुमरदा और घुप्साल के बीच सड़क निर्माण के दौरान भरत वर्मा मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान कंपनी के कर्मचारियों के साथ विवाद हुआ और गाली-गलौज तथा मारपीट की गई।
घटना से संबंधित वायरल वीडियो में निर्माण स्थल पर कर्मचारियों और एक व्यक्ति के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। वीडियो में अपशब्दों के इस्तेमाल, मोबाइल से रिकॉर्डिंग को लेकर विवाद और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी नजर आ रही है।
50 लाख रुपए मांगने का आरोप
कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर का आरोप है कि निर्माण कार्य को लेकर पहले भी कंपनी के कर्मचारियों को धमकाया और परेशान किया जाता रहा है। शिकायत में कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर नवीन अग्रवाल से 50 लाख रुपए की मांग किए जाने का भी उल्लेख है। आरोप है कि रकम नहीं देने पर कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच विभागीय अधिकारियों और उच्चाधिकारियों द्वारा की जा रही है। जांच के बाद ही आगे का काम कराया जा रहा है। इसके बावजूद कथित रूप से लगातार दबाव और धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है।
सुरक्षा के चलते काम रोकने की बात
कंपनी ने कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए खैरागढ़ से राजनांदगांव होते हुए मानपुर तक चल रहे निर्माण कार्य को बंद करने का आवेदन में उल्लेख किया है। प्रोजेक्ट मैनेजर के अनुसार सड़क पर डामरीकरण के साथ अर्थवर्क, जीएसबी और डब्ल्यूएमएम का काम भी चल रहा है।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
मनीष साहू ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के अलावा लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को भी दी गई है। फिलहाल पुलिस की ओर से शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, लगाए गए आरोपों पर भाजपा नेता भरत वर्मा का पक्ष सामने आना बाकी है।
suntimes 