ढाई साल बाद मिला श्रीराम यादव हत्याकांड में फैसला, चार को उम्रकैद

चश्मदीदों की गवाही और मेडिकल रिपोर्ट से साबित हुआ हत्या का आरोप, पूर्व पार्षद अजय दुबे को नहीं मिले साजिश के पुख्ता प्रमाण

ढाई साल बाद मिला श्रीराम यादव हत्याकांड में फैसला, चार को उम्रकैद

दुर्ग-भिलाई। गंजपारा हत्याकांड में अदालत के फैसले के बाद चार आरोपियों को आजीवन जेल में रहने की सजा मिली है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश शेख अशरफ ने 18 नवंबर 2026 को अक्षत दुबे उर्फ मान्या, शुभम शर्मा, वंश राजपूत और अमिताभ उर्फ चंदु को श्रीराम यादव उर्फ मंत्री की हत्या का दोषी ठहराया। चारों को उम्रकैद के साथ जुर्माने की सजा सुनाई गई है। वहीं, पूर्व भाजपा पार्षद अजय दुबे के खिलाफ साजिश और आरोपी को संरक्षण देने के आरोप प्रमाणित नहीं होने पर उन्हें बरी कर दिया गया।

घटना 21 मई 2024 की रात करीब 8.15 बजे की है। अभियोजन के मुताबिक, गंजपारा नाका चौक पर श्रीराम यादव को दो बाइक से पहुंचे हमलावरों ने घेर लिया था। पुरानी रंजिश के चलते उनका रास्ता रोककर चाकू और कड़े से हमला किया गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया था।

चारों को हत्या और साजिश का दोषी माना

न्यायालय ने चारों आरोपियों को हत्या के मामले में आजीवन कारावास और एक-एक हजार रुपए अर्थदंड से दंडित किया है। रास्ता रोकने के अपराध में एक महीने की साधारण कैद और 500 रुपए जुर्माना भी लगाया गया है। इसके अलावा आपराधिक साजिश के आरोप में भी दोषी ठहराया गया।

अक्षत दुबे और शुभम शर्मा को सार्वजनिक स्थान पर बटनदार चाकू रखने और इस्तेमाल करने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत दो और तीन साल की सश्रम कैद सुनाई गई है। पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान अक्षत के पास से 10 इंच और शुभम के पास से करीब 6.5 इंच लंबा चाकू बरामद किया था।

मुन्ना और बलराम के बयान से खुली हमले की तस्वीर

मुकदमे में चश्मदीद गवाह मुन्ना और बलराम यादव की गवाही को अदालत ने महत्वपूर्ण माना। दोनों ने हमले के घटनाक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुन्ना के अनुसार, अक्षत और शुभम ने चाकू से हमला किया, जबकि अमिताभ ने कड़े से वार किया था। बलराम यादव ने भी आरोपियों द्वारा दो बाइक से पहुंचकर श्रीराम यादव को घेरने और हमला करने की बात कही।

अस्पताल और घटनास्थल पर मौजूद लोगों के सामने घायल श्रीराम यादव द्वारा हमलावरों के नाम बताए जाने से संबंधित गवाहियां भी न्यायालय में पेश की गईं। डॉक्टर वैशाली साहू की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हाइपोवोलेमिक शॉक से मौत होने की पुष्टि हुई।

बचाव पक्ष की दलीलें नहीं बदल सकीं फैसला

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने वीडियो साक्ष्य और हथियारों की बरामदगी को लेकर सवाल उठाए। अदालत ने वीडियो को इसलिए प्रमाणिक नहीं माना, क्योंकि उसे बनाने वाले व्यक्ति की पहचान और आवश्यक प्रमाणीकरण संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। हालांकि, हथियारों की बरामदगी और जांच से जुड़े अन्य साक्ष्यों पर विचार करने के बाद अदालत ने माना कि चश्मदीद गवाहों की गवाही ही आरोपियों को दोषी ठहराने के लिए पर्याप्त है।

अजय दुबे के खिलाफ नहीं मिले साजिश के प्रमाण

हत्याकांड में पूर्व भाजपा पार्षद अजय दुबे पर हत्या की योजना बनाने और एक आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगाया गया था। अदालत ने मोबाइल फोन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड सहित उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की, लेकिन उनके खिलाफ आरोपों को साबित करने वाले ठोस प्रमाण नहीं मिले। न्यायालय ने कहा कि केवल संदेह के आधार पर आपराधिक साजिश का दोष तय नहीं किया जा सकता। इसी आधार पर उन्हें बरी कर दिया गया।

अजय दुबे दुर्ग नगर निगम के पचरीपारा वार्ड से भाजपा पार्षद रह चुके हैं। वे दुर्ग जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

परिवार को प्रतिकर दिलाने की पहल

फैसले में अदालत ने मृतक के परिवार को हुई क्षति को भी संज्ञान में लिया है। पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत परिवार को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग को फैसले की प्रति भेजने के निर्देश दिए गए हैं।