सोने की शुद्धता की सरकारी गारंटी पर सवाल, पांच साल में 81% ज्वैलर्स की दुकानों तक नहीं पहुंची जांच टीम

कैग ऑडिट में बीआईएस की निगरानी व्यवस्था उजागर, हॉलमार्किंग केंद्रों की जांच में भी लक्ष्य से 44% पीछे रही संस्था

सोने की शुद्धता की सरकारी गारंटी पर सवाल, पांच साल में 81% ज्वैलर्स की दुकानों तक नहीं पहुंची जांच टीम

नई दिल्ली (ए)। सोने के आभूषण खरीदते समय ग्राहक हॉलमार्क को शुद्धता का भरोसेमंद प्रमाण मानते हैं, लेकिन इस व्यवस्था की निगरानी करने वाली सरकारी संस्था की कार्यप्रणाली पर अब सवाल उठने लगे हैं। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की ड्राफ्ट रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) पंजीकृत ज्वैलर्स की दुकानों की नियमित जांच करने में गंभीर रूप से पीछे रहा है। इससे बाजार में बिकने वाले हॉलमार्क सोने की गुणवत्ता पर प्रभावी निगरानी नहीं हो पा रही है।

नियमों के अनुसार, बीआईएस को हर पंजीकृत ज्वैलर की दुकान पर साल में कम से कम एक बार जाकर सोने की शुद्धता की जांच करनी होती है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दुकानदार ग्राहकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही सोना बेचें। लेकिन वर्ष 2020-21 से पिछले पांच वर्षों के दौरान 80 फीसदी से अधिक दुकानों का निरीक्षण नहीं किया गया।

कैग ने अपनी ड्राफ्ट रिपोर्ट में इस स्थिति को लेकर सवाल उठाए हैं। मंत्रालय से अंतिम जवाब मिलने के बाद रिपोर्ट संसद में रखी जा सकती है।

लाइसेंस जारी करने में तेजी, जांच में सुस्ती

देश के 392 जिलों में बिना हॉलमार्क वाले सोने की बिक्री प्रतिबंधित होने के कारण करीब 2.3 लाख ज्वैलरी दुकानों ने बीआईएस में पंजीकरण कराया है। इसके बावजूद निगरानी का दायरा सीमित बना हुआ है। वर्ष 2024-25 के आंकड़ों के मुताबिक, 28,865 लाइसेंसधारक ज्वैलर्स में से महज 5,444 दुकानों का निरीक्षण हो सका। इस तरह लगभग 81 फीसदी दुकानों तक जांच टीम पहुंच ही नहीं पाई।

हॉलमार्किंग सेंटर भी जांच के दायरे में पिछड़े

बीआईएस की निगरानी में केवल ज्वैलर्स की दुकानें ही नहीं, बल्कि हॉलमार्किंग केंद्रों का निरीक्षण भी शामिल है। असेइंग एंड हॉलमार्किंग सेंटर (एएचसी) में आभूषणों की शुद्धता परखने के बाद छह अंकों का एचयूआईडी नंबर जारी किया जाता है। कैग की रिपोर्ट के अनुसार, इन केंद्रों की जांच में भी बीआईएस तय लक्ष्य से करीब 44 फीसदी पीछे रहा।

बीआईएस ने बताईं व्यावहारिक मुश्किलें

कैग की ओर से जवाब मांगे जाने पर बीआईएस ने कर्मचारियों की कमी को निरीक्षण प्रभावित होने का प्रमुख कारण बताया। संस्था के अनुसार, दूरदराज के इलाकों में पहुंचकर नमूने एकत्र करना भी चुनौतीपूर्ण है। हालांकि, कैग ने इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया। ऐसे में हॉलमार्किंग व्यवस्था की पारदर्शिता और ग्राहकों को मिलने वाली शुद्धता की गारंटी को लेकर निगरानी तंत्र मजबूत करने की जरूरत सामने आई है।