कहीं जहरीली हवा तो कहीं बर्फबारी और कोहरे का असर, कई राज्यों में बदला मौसम

दिल्ली में AQI 800 पहुंचा, उत्तराखंड के चारों धाम बर्फ से ढके; यूपी में कोहरा और राजस्थान में बढ़ी ठिठुरन

कहीं जहरीली हवा तो कहीं बर्फबारी और कोहरे का असर, कई राज्यों में बदला मौसम

नई दिल्ली (ए)। सर्द मौसम के बीच देश के कई राज्यों में मौसमी परिस्थितियां बदल रही हैं। कहीं प्रदूषण लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है तो कहीं बर्फबारी, बारिश और कोहरे ने ठंड का असर बढ़ा दिया है। दिल्ली में सोमवार सुबह प्रदूषण का स्तर बेहद चिंताजनक स्थिति में पहुंच गया। सुबह 7:31 बजे AQI 800 रिकॉर्ड किया गया। AQI.in के अमेरिकी स्केल पर इसे खतरनाक श्रेणी में रखा गया। राजधानी में सुबह से ही धुंध छाई रही और तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इधर, उत्तराखंड के चारों प्रमुख धामों में बर्फबारी से पहाड़ों का मौसम पूरी तरह बदल गया है। रविवार देर रात केदारनाथ में हिमपात हुआ। इससे पहले बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी बर्फबारी हो चुकी है। पहाड़ों पर बढ़ी ठंड का असर मैदानी क्षेत्रों तक पहुंचने लगा है। ठंडी हवाओं के चलते आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है।

उत्तर प्रदेश में कोहरे ने सुबह की रफ्तार धीमी कर दी। सोमवार को लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर सहित 21 शहर घने कोहरे की चपेट में रहे। इसके साथ ही नोएडा-गाजियाबाद समेत प्रदेश के 10 शहरों में प्रदूषण का स्तर भी खराब स्थिति में पहुंच गया। यहां AQI 200 से ऊपर दर्ज किया गया।

राजस्थान में लगातार दो दिन हुई बारिश के बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई है। सोमवार को प्रदेश के कई इलाकों में सर्दी का असर महसूस किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी तीन से चार दिनों तक राज्य में बारिश की गतिविधियां नहीं होंगी और मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं मध्य प्रदेश में 20 नवंबर के बाद बारिश होने की संभावना जताई गई है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी

बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन अब चक्रवाती तूफान में बदलने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार शाम तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए अगले दो दिनों में आंध्र प्रदेश के तट की ओर रुख कर सकता है। संभावित प्रभाव को देखते हुए तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।