IPL का दायरा बढ़ाने की तैयारी, 2028 में 12 टीमों के साथ खेला जा सकता है टूर्नामेंट

नई फ्रेंचाइजी के लिए पुणे-वडोदरा मजबूत दावेदार, निवेशकों को 8,900 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च करने पड़ सकते हैं

IPL का दायरा बढ़ाने की तैयारी, 2028 में 12 टीमों के साथ खेला जा सकता है टूर्नामेंट

खेल (डेस्क)। दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी-20 क्रिकेट लीग IPL में एक बार फिर बड़े बदलाव की संभावना बन रही है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) टूर्नामेंट में दो और फ्रेंचाइजी जोड़ने के प्रस्ताव पर मंथन कर रहा है। योजना आगे बढ़ती है तो वर्ष 2028 से IPL में 10 के बजाय 12 टीमें खेलती नजर आएंगी। मीडिया रिपोर्ट्स में पुणे और वडोदरा को नई टीमों के संभावित शहरों में सबसे आगे बताया गया है। फिलहाल इस प्रस्ताव पर विचार-विमर्श जारी है और शहरों के चयन को लेकर अंतिम मुहर नहीं लगी है।

छह साल बाद फिर फ्रेंचाइजी बढ़ाने की तैयारी

IPL का पिछला विस्तार 2022 में हुआ था, जब लखनऊ और गुजरात की टीमों ने लीग में प्रवेश किया था। लखनऊ फ्रेंचाइजी को RPSG ग्रुप ने 940 मिलियन डॉलर में अपने नाम किया था। वहीं, गुजरात टाइटंस को CVC कैपिटल पार्टनर्स ने 750 मिलियन डॉलर में खरीदा था। इन नई टीमों के शामिल होने से टूर्नामेंट का स्वरूप बदल गया था। अब एक बार फिर लीग को बड़े स्तर पर ले जाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

नई फ्रेंचाइजी के लिए बड़े निवेशकों की नजर

संभावित नई टीमों का मूल्यांकन 1 बिलियन डॉलर यानी करीब 8,900 करोड़ रुपए से अधिक रहने की उम्मीद जताई जा रही है। हालिया कारोबारी सौदों में RCB का मूल्यांकन 1.78 बिलियन डॉलर और राजस्थान रॉयल्स का करीब 1.65 बिलियन डॉलर रहा है। IPL में निवेश के बढ़ते आकर्षण को देखते हुए कई बड़े कारोबारी समूह इस बाजार में उतरने की तैयारी कर सकते हैं। प्राइवेट इक्विटी फर्मों, पश्चिम एशिया के निवेश कोष, अमेरिकी फैमिली ऑफिस और भारतीय उद्योगपतियों की संभावित भागीदारी की चर्चा है। परमिरा का नाम भी संभावित निवेशकों में सामने आया है।

2028-2032 के प्रसारण अधिकारों पर भी नजर

नई फ्रेंचाइजी जोड़ने की कवायद को IPL के अगले मीडिया राइट्स चक्र से जोड़कर देखा जा रहा है। वर्ष 2028 से 2032 के लिए प्रसारण अधिकारों की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी। इससे पहले 2023-2027 के मीडिया राइट्स 6.2 बिलियन डॉलर में बिके थे। दो अतिरिक्त टीमें शामिल होने से मैचों की संख्या बढ़ेगी, जिसका सीधा असर प्रसारण अधिकारों के मूल्य पर पड़ सकता है। दूसरी ओर, BCCI को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि खिलाड़ियों की उपलब्धता और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर के बीच तालमेल बना रहे। ब्रॉडकास्टर्स की रुचि और बढ़ने वाले आयोजन खर्च भी इस फैसले में अहम भूमिका निभाएंगे।

पुणे के दर्शकों को मिल सकता है फिर IPL का मौका

नई टीमों की संभावित सूची में पुणे का नाम आने से इस शहर में IPL की वापसी की उम्मीद बढ़ गई है। यहां पहले पुणे वॉरियर्स इंडिया 2011 से 2013 तक खेल चुकी है। इसके बाद राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने 2016 और 2017 के सीजन में हिस्सा लिया था। वर्ष 2017 में टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया, लेकिन खिताबी मुकाबले में मुंबई इंडियंस से एक रन से हार गई थी। अब यदि पुणे को नई फ्रेंचाइजी मिलती है तो शहर को एक बार फिर IPL टीम का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सकता है।