रिकॉर्ड की पिच पर कोहली का विराट प्रदर्शन, सचिन का कीर्तिमान टूटा
न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने सीरीज में बनाई बढ़त; रनचेज में कोहली सबसे आगे, रोहित के खाते में जुड़ा 17वां डक
ऑकलैंड (ए)। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में भारतीय टीम ने पांच विकेट से जीत हासिल कर मुकाबले को अपने नाम किया। इस मैच का सबसे बड़ा आकर्षण विराट कोहली की रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी रही। कोहली ने वनडे में लक्ष्य का पीछा करते हुए सर्वाधिक रन बनाने का सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसके साथ ही उन्होंने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 13 हजार रन पूरे कर विश्व क्रिकेट में नया मुकाम हासिल किया।
कोहली अब वनडे रनचेज में 8,741 रन बना चुके हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के 8,720 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। न्यूजीलैंड के खिलाफ भी उनका प्रदर्शन रिकॉर्डबुक में दर्ज हुआ। इस टीम के विरुद्ध उनके कुल रन 1,971 हो गए हैं। उन्होंने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली है।
35 गेंदों में अर्धशतक, पोंटिंग भी पीछे
विराट कोहली ने तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 13 हजार वनडे रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने रिकी पोंटिंग को दूसरे स्थान पर छोड़ दिया, जिनके नाम इस क्रम पर 12,662 रन दर्ज हैं।
कोहली ने महज 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। विदेशी मैदानों पर वनडे में यह उनका दूसरा सबसे तेज पचासा है। इससे पहले उन्होंने 2016 में कैनबरा में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 34 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
रोहित शर्मा के नाम शर्मनाक आंकड़ा
इस मुकाबले में रोहित शर्मा का बल्ला नहीं चला। वह बिना रन बनाए आउट हो गए। वनडे करियर में यह 17वां मौका था, जब रोहित खाता खोलने में नाकाम रहे। इस आंकड़े के साथ उन्होंने सौरव गांगुली को पीछे छोड़ दिया। गांगुली अपने वनडे करियर में 16 बार शून्य पर आउट हुए थे।
टिकनर के चार छक्कों ने भी बनाया रिकॉर्ड
मैच में न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने 185 रन पर ढेर हो गई। घरेलू मैदान पर भारत के खिलाफ यह उसका चौथा सबसे कम वनडे स्कोर रहा। वर्ष 1994 में न्यूजीलैंड की टीम ऑकलैंड में ही 142 रन पर सिमट गई थी।
वहीं, न्यूजीलैंड के ब्लेयर टिकनर ने 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए चार छक्के जड़े। इसके साथ ही उन्होंने इस क्रम पर वनडे में सर्वाधिक छक्के लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी की। पाकिस्तान के मोहम्मद आमिर और नसीम शाह भी पहले यह कारनामा कर चुके हैं।
मैच के दौरान एक दिलचस्प पल तब आया, जब अर्शदीप सिंह ने काइल जैमीसन को आउट करने के बाद मैदान पर डांस किया। उन्होंने इस जश्न को अपनी गर्लफ्रेंड को समर्पित किया।
suntimes 