रायपुर-दुर्ग हाईवे की बदलेगी तस्वीर, खारुन पर नया पुल बनाने की तैयारी

163.33 करोड़ रुपए का प्रस्ताव केंद्र को भेजा; चंदनीडीह में फ्लाईओवर, 18 किमी तक क्रैश बैरियर और चौड़ी होंगी सर्विस लेन

रायपुर-दुर्ग हाईवे की बदलेगी तस्वीर, खारुन पर नया पुल बनाने की तैयारी

दुर्ग-भिलाई। रायपुर से दुर्ग के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सफर आसान बनाने के लिए एक व्यापक यातायात सुधार योजना तैयार की गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग लोक निर्माण विभाग ने टाटीबंध से नेहरू नगर चौक तक करीब 26 किलोमीटर के हिस्से में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए 163.33 करोड़ रुपए का प्रस्ताव केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा है। योजना में खारुन नदी पर नया फोरलेन पुल, चंदनीडीह में फ्लाईओवर और सर्विस लेन के विस्तार सहित कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

राष्ट्रीय राजमार्ग-53 देश के प्रमुख परिवहन मार्गों में शामिल है। इस पर मुंबई से कोलकाता और दक्षिणी राज्यों की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों की बड़ी संख्या गुजरती है। प्रतिदिन करीब 1.25 लाख वाहनों की आवाजाही वाले इस मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। सड़क की क्षमता लगभग 33 हजार वाहन प्रतिदिन बताई गई है। वाहनों की संख्या में सालाना 5 प्रतिशत वृद्धि के चलते प्रमुख चौराहों और फ्लाईओवर रहित हिस्सों में जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। व्यस्त समय में 26 किलोमीटर का सफर तय करने में एक से डेढ़ घंटे तक लग रहे हैं।

दो पुराने पुलों के बीच बनेगा नया पुल

खारुन नदी पर यातायात का दबाव घटाने के लिए करीब 200 मीटर लंबा नया फोरलेन पुल बनाने की योजना है। इसकी अनुमानित लागत 54 करोड़ रुपए रखी गई है। पुल की प्रस्तावित चौड़ाई 9.50-9.50 मीटर होगी। वर्तमान में नदी पर दोनों दिशाओं के लिए अलग-अलग पुल हैं। इनमें दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाला पुल लगभग 40 साल पुराना है, जबकि दूसरी दिशा का पुल करीब 22 वर्ष पहले बनाया गया था। नए पुल से राजमार्ग की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

सड़क के बीच सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

मुख्य सड़क और सर्विस लेन के बीच 18 किलोमीटर तक आरसीसी क्रैश बैरियर लगाने के लिए 17 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव है। इसका उद्देश्य वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करना और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाना है। इसके साथ ही सर्विस लेन की चौड़ाई तीन मीटर से बढ़ाकर छह मीटर करने की योजना है। इस काम के लिए करीब 35 करोड़ रुपए प्रस्तावित हैं। विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर अतिक्रमण के कारण सर्विस लेन की उपयोगी चौड़ाई कम हो गई है।

चंदनीडीह में जाम से निपटने बनेगा फ्लाईओवर

चंदनीडीह क्षेत्र में भारी वाहनों के मुड़ने के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित होता है। इस समस्या को दूर करने के लिए नंदनवन की दिशा में 600 मीटर लंबा और 30 मीटर चौड़ा फ्लाईओवर प्रस्तावित है। इसके निर्माण पर करीब 40 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।

विभाग की योजना का उद्देश्य रायपुर-दुर्ग मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को अधिक सुगम बनाना, जाम के कारण होने वाली देरी घटाना और दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। फिलहाल प्रस्ताव केंद्रीय मंत्रालय को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद ही निर्माण कार्यों की अगली प्रक्रिया शुरू होगी।