अरात्रिका मुखर्जी ने शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता में जीता अवॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस
नृत्यधाम कला समिति के 21वें अखिल भारतीय कला महोत्सव में मिला सम्मान, निर्णायकों ने तीसरा स्थान देकर किया पुरस्कृत
भिलाई/रायपुर। नृत्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रायपुर की सुश्री अरात्रिका मुखर्जी ने नृत्यधाम कला समिति के 21वें अखिल भारतीय कला एवं संस्कृति महोत्सव की प्रतियोगिता में अवॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस हासिल किया। एक नवंबर को भिलाई के सेक्टर-2 स्थित अयप्पा मंदिर ऑडिटोरियम में आयोजित प्रतियोगिता में उन्हें निर्णायक कौशिक साव और ऋषिकेश पोहनकर ने तीसरा स्थान प्रदान करते हुए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
नौ दिवसीय कला महोत्सव के अंतिम दिन विभिन्न शहरों और राज्यों से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कुचिपुड़ी, भरतनाट्यम, कथक और मोहिनीअट्टम जैसी भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैलियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकारों ने देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच पर साकार किया। भाव-भंगिमाओं, लय-ताल और नृत्य कौशल के आकर्षक प्रदर्शन ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
महोत्सव का आयोजन करने वाली नृत्यधाम कला समिति की निदेशक डॉ. राखी राय लंबे समय से युवा कलाकारों को मंच प्रदान करने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए कार्य कर रही हैं। उनके प्रयासों से कलाकारों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला प्रदर्शित करने के अवसर मिल रहे हैं।
अरात्रिका मुखर्जी ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों तथा माता-पिता के निरंतर मार्गदर्शन, स्नेह और आशीर्वाद को दिया।
suntimes 