विस्फोटक, हथियार और 5 लाख का इनाम – नक्सली हिड़मा पुलिस के शिकंजे में
बीजापुर का रहने वाला कुंजाम हिड़मा AK-47 और विस्फोटकों के साथ ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा से गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर उड़ी गलत अफवाह को बस्तर IG ने किया खारिज

नक्सलियों के गढ़ माने जाने वाले ट्राई-जंक्शन इलाके में ओडिशा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने जंगल से AK-47 और विस्फोटकों से लैस एक इनामी नक्सली को धर दबोचा। इस ऑपरेशन ने सुरक्षा बलों के मनोबल को नई ऊर्जा दी है।
ओडिशा। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चला रही ओडिशा पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पांच लाख रुपए का इनामी नक्सली कुंजाम माड़वी हिड़मा AK-47 राइफल और विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्रप्रदेश की सीमाओं के जंक्शन इलाके में हुई।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस की टीम जंगल में तलाशी अभियान चला रही थी तभी एक संदिग्ध युवक उन्हें देखकर भागने लगा। उसे पीछा कर पकड़ा गया। पूछताछ और तलाशी के बाद उसके पास से AK-47, गोलियां, डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
गिरफ्तार नक्सली की पहचान बीजापुर (CG) निवासी कुंजाम माड़वी उर्फ मोहन के रूप में हुई, जो लंबे समय से नक्सली संगठन से जुड़ा हुआ था। पुलिस उसे ACM (एरिया कमेटी मेंबर) स्तर का कैडर मान रही है।
फिलहाल उससे पूछताछ जारी है, और पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से नक्सली गतिविधियों की अंदरूनी जानकारी निकल सकती है। वह कई बॉर्डर इलाकों की वारदातों में शामिल रहा है।
इधर, गिरफ्तारी की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलने लगीं कि एक करोड़ के इनामी और कुख्यात माओवादी माड़वी हिड़मा को पकड़ लिया गया है। इस पर बस्तर IG सुंदरराज पी ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार व्यक्ति वह नहीं है, बल्कि यह स्थानीय स्तर का सक्रिय नक्सली है।