भिलाई की डॉ. नीलम वर्मा ‘युवा 2026’ के लिए दिल्ली आमंत्रित
रजा फाउंडेशन के प्रतिष्ठित आयोजन में ‘मुक्तिबोध का नागपुर और राजनांदगांव’ विषय पर करेंगी शोधपत्र प्रस्तुति
भिलाई की युवा साहित्य समीक्षक डॉ. नीलम वर्मा को रजा फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित साहित्यिक कार्यक्रम ‘युवा 2026’ में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। 20 और 21 मार्च को इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में देशभर से चयनित युवा साहित्यकार अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे।
भिलाई। साहित्य और आलोचना के क्षेत्र में भिलाई की पहचान को नई ऊंचाई देते हुए युवा समीक्षक डॉ. नीलम वर्मा का चयन रजा फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित कार्यक्रम ‘युवा 2026’ के लिए किया गया है। यह आयोजन 20 और 21 मार्च को इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित होगा।
डॉ. नीलम वर्मा का चयन ‘मुक्तिबोध का नागपुर और राजनांदगांव’ विषय पर अपने शोधपत्र की प्रस्तुति के लिए हुआ है। इस वर्ष ‘युवा 2026’ की थीम हिंदी के प्रमुख साहित्यकारों और उनके शहरों के साहित्यिक संबंधों पर केंद्रित रखी गई है।
साहित्य जगत में इसे छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से दुर्ग संभाग के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। हिंदी साहित्य के महान कवि और विचारक गजानन माधव मुक्तिबोध का नागपुर और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से गहरा संबंध रहा है, जिसे डॉ. नीलम वर्मा अपने शोधपत्र में विश्लेषित करेंगी।
डॉ. नीलम वर्मा की साहित्यिक सक्रियता लगातार बढ़ रही है। हाल ही में उन्हें छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित रायपुर साहित्य उत्सव 2026 में भी आमंत्रित किया गया था, जहां उन्होंने प्रख्यात साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल पर केंद्रित सत्र में सूत्रधार की भूमिका निभाई। उनके संचालन और विचारों को साहित्य प्रेमियों ने सराहा।
गौरतलब है कि डॉ. नीलम वर्मा ने पिछले वर्ष हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग से ‘विनोद साव के व्यंग्य साहित्य’ विषय पर पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है।
रजा फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘युवा’ कार्यक्रम देश के युवा साहित्यकारों, आलोचकों और शोधकर्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच माना जाता है, जहां चयनित प्रतिभाएं अपने विचार और शोध राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करती हैं। डॉ. नीलम वर्मा का चयन इस प्रतिष्ठित मंच के लिए होना भिलाई और छत्तीसगढ़ के साहित्यिक जगत के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।
suntimes 