आंध्र के तट से टकराया तूफान अर्नब, 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं
50 ट्रेनें और 21 उड़ानें रद्द, ओडिशा के 16 जिलों में स्कूल बंद; छत्तीसगढ़ समेत 9 राज्यों में बारिश का अलर्ट
विशाखापट्टनम/भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ मंगलवार देर रात 3:30 बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया। तूफान के प्रभाव से तटीय इलाकों में 125 से 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ भारी बारिश हो रही है। मौसम की गंभीरता को देखते हुए रेल और हवाई सेवाओं पर असर पड़ा है।
तूफान के कारण 50 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। वहीं, विजयवाड़ा और विशाखापट्टनम एयरपोर्ट से संचालित 21 उड़ानें भी निरस्त की गई हैं। आंध्र प्रदेश और ओडिशा में बचाव एवं राहत के लिए 4,000 चक्रवात आश्रय केंद्र तैयार किए गए हैं।
ओडिशा में 30 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए
ओडिशा में लगातार बारिश के चलते 16 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर करीब 30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। तटीय और निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
छत्तीसगढ़ समेत 9 राज्यों में मौसम बिगड़ने की आशंका
तूफान का असर दूसरे राज्यों में भी दिखाई देने की संभावना है। मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश की आशंका है।
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों और महाराष्ट्र के विदर्भ में भी बारिश का अनुमान है। झारखंड और बिहार में 28 से 30 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है। बिहार में 29-30 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29-30 अक्टूबर को भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा में तेज हवाओं, भारी बारिश और निचले इलाकों में बाढ़ को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है।
suntimes 