भिलाई में खूनी रंजिश: टंगिये से वार कर युवक की हत्या, खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी दबोचा

पुरानी कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, सुपेला अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

भिलाई-दुर्ग में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच खुर्सीपार थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। पुरानी बहस से नाराज आरोपी ने युवक पर टंगिये से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

भिलाई। भिलाई-दुर्ग शहर में हत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां आपसी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मृतक विक्रम सोना और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर पहले विवाद हुआ था।

जानकारी के अनुसार, सुबह होते ही आरोपी फिर से झगड़ा करने पहुंचा और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने टंगिये से विक्रम सोना पर हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि युवक लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा।

घटना के बाद परिजन घायल अवस्था में विक्रम को तुरंत सुपेला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक फेब्रिकेशन का काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और पूछताछ में जुटी हुई है।