बंगाल की खाड़ी का सिस्टम लाएगा बारिश, छत्तीसगढ़ में किसानों की बढ़ी चिंता
27 अक्टूबर से बदल सकता है मौसम, 28-29 अक्टूबर को भारी वर्षा के आसार; बस्तर में तेज हवाओं का अनुमान, धान कटाई टालने की सलाह
रायपुर। धान की कटाई के बीच छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो रहे मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। बस्तर संभाग में तेज हवाएं चलने की आशंका भी जताई गई है, जिनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।
संभावित बारिश को देखते हुए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। अगले 2 से 4 दिनों तक धान सहित अन्य फसलों की कटाई टालने, पहले से काटी गई फसल को बारिश से बचाने और खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया है। खेतों में तैयार फसल को खुले में छोड़ने से नुकसान हो सकता है, इसलिए किसानों को पहले से जरूरी इंतजाम करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है। मंगलवार 27 अक्टूबर से बादलों की आवाजाही और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
रायपुर में गर्मी, अंबिकापुर में रात का तापमान सबसे कम
रविवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म प्रमुख केंद्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके विपरीत अंबिकापुर में रात का तापमान गिरकर 12.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री, पेंड्रारोड में 30.8 डिग्री, जगदलपुर में 31.7 डिग्री और राजनांदगांव में 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी में सोमवार को मौसम साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। फिलहाल बारिश को लेकर सोमवार के लिए कोई चेतावनी नहीं है, लेकिन मंगलवार से मौसम में बदलाव के संकेत हैं। किसानों के लिए आने वाले कुछ दिन महत्वपूर्ण रहेंगे, क्योंकि बारिश के दौरान कटाई और फसल के भंडारण में लापरवाही से नुकसान हो सकता है।
suntimes 