मोदी गारंटी के नाम से भाजपा का घोषणा-पत्र:3100 रु. में धान, विवाहित महिला को सालाना 12 हजार रुपए, 1 लाख सरकारी नौकरी देने का भी वादा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणा-पत्र जारी किया। मोदी गारंटी के रूप में जारी इस घोषणा पत्र में सबसे बड़ा वादा किसानों के लिए है। इसमें प्रति एकड़ 21 क्विंटल की धान खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल में करने का वादा है। यह राशि किसानाें काे एकमुश्त दी जाएगी। इसके साथ ही महतारी वंदन योजना शुरू कर प्रदेश की प्रत्येक विवाहित महिला को सालाना 12 हजार रुपए दिया जाएगा। इसके अलावा दो साल में सभी रिक्त सरकारी पदों को भरा जाएगा। एक लाख रिक्त सरकारी पदों को भरने के लिए समयबद्ध एवं पारदर्शी भर्ती सुनिश्चित करेंगे। साथ ही रामलला दर्शन योजना शुरू करेगी। पढ़ें अंतिम पेज
इसके अलावा 2016-17 और 2017-18 के खरीफ सीजन के लिए बकाया 300 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी बोनस 25 दिसंबर को देने का वादा भी किया गया है। इसके अलावा भूमिहीन खेतिहर मजदूर को सालाना 10 हजार रुपए भी देंगे। घोषणा पत्र जारी करते हुए गृह मंत्री शाह ने स्पष्ट किया कि अभी भी धान खरीदी का 2200 रुपए मोदीजी भेज रहे हैं। अब 3131 रुपए बीजेपी की डबल इंजन सरकार का होगा। बारदाने भी धान की खरीदी से पहले उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण 5500 रुपए प्रति मानक बोरा करेंगे। अतिरिक्त संग्रहण करने वालों को 4500 रुपए का बोनस देंगे।
चरण पादुका योजना फिर से शुरू करेंगे। शाह ने घोषणा-पत्र के 20 प्रमुख बिंदुओं की जानकारी देते हुए कहा कि हम सत्ता में आए तो प्रदेश में कृषि उन्नति योजना शुरू करेंगे। धान खरीदी से पहले ही बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। रामलला दर्शन योजना शुरू करेगी: भाजपा छत्तीसगढ़ में रामलला दर्शन योजना शुरू करेगी। इसमें राज्य के गरीबों को अयोध्या में बने राम मंदिर में राम लला के दर्शन के लिए ले जाने की व्यवस्था होगी। शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ का भांजा (भगवान राम) अपने घर (अयोध्या) जा रहा है। इसके दर्शन आपको जरूर कराएंगे। घोषणा पत्र जारी करने के इस कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह भी मौजूद रहे।
बघेल के शासन में भ्रष्टाचार बढ़ा: शाह
शाह ने भूपेश सरकार पर तंज भी कसे। उन्होंने कहा कि भाजपा के 15 साल के शासन में हमने कई काम किए, लेकिन भूपेश जी झूठा प्रचार करते हुए सरकार में आ गए। उनके 5 साल के शासन में 2 हजार करोड़ का शराब घोटाला, परिवहन घोटाला, 1300 करोड़ का गौठान घोटाला हुआ।
गोबर में घोटाला करने वाली सरकार मैंने पहली बार देखी। ऑनलाइन सट्टा एप भी आ गया। प्रगति तो हुई है, लेकिन भ्रष्टाचार में हुई है। कांग्रेस सरकार विकास को रोकने वाली सरकार है। युवाओं का रोजगार रोकने वाली सरकार है। प्रदेश में तुष्टिकरण हावी है।
कांग्रेस की गारंटी की नकल: भूपेश
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा की घोषणा-पत्र को कांग्रेस के गारंटी की नकल करार दिया है। उन्होंने कहा कि इसमें ऋण माफी की बात नहीं है। ओपीएस की बात नहीं है। केंद्र सरकार ने ही बोनस देने पर रोक लगाया था। अब क्या जो रोक मोदी सरकार ने लगाया है, उसे वापस करेंगे।
दूसरी बात, ये डायरेक्ट ट्रांजेक्शन की बात कर रहे हैं। हमारी सरकार तो लगातार इसको पहले से ही कर रही है। हमारी सरकार तीसरे दिन भुगतान करती है। अब कह रहे हैं कि नगद भुगतान करेंगे। ये जो डायरेक्ट ट्रांसफर की बात कर रहे हैं, ये अपने ही आदेश के खिलाफ संकल्प पत्र लेकर आए हैं।
- मोदी गारंटी पत्र में ये हैं प्रमुख वादें
गरीबों और महिलाओं को देंगे फायदा
- रानी दुर्गावती योजना से बीपीएल को बच्ची के जन्म पर 1.50 लाख का प्रमाण पत्र।
- गरीब महिलाओं को 500 रुपए में सिलेंडर।
18 लाख के लिए आवास का वादा
- छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना में 18 लाख घर बनेंगेे। हर घर तक जल पहुंचाने का भी वादा।
सीएम राहत कोष से 10 लाख का इलाज
- प्रत्येक परिवार को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख की मदद। 10 लाख तक का इलाज सीएम राहत कोष से किया जाएगा।
- 500 प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र।
युवाओं के लिए वादा : इनोवेशन हब बनेगा, छह लाख से ज्यादा रोजगार मिलेंगे
- पीएससी घोटाले की जांच कराएंगे। यूपीएससी की तर्ज पर प्रतियोगी परीक्षाएं होंगी।
- उद्योग लगाने वाले युवाओं को 50 फीसदी सब्सिडी के साथ ब्याज मुक्त भुगतान।
- रायपुर में सेंट्रल भारत का इनोवेशन हब बनेगा। 6 लाख से ज्यादा रोजगार मिलेगा।
- कॉलेज छात्रों को डायरेक्ट बैनिफिट ट्रांसफर के तहत मासिक ट्रैवल अलाउंस।
हर लोकसभा में बनाएंगे सीआईटी
- हर संभाग में छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, हर लोकसभा में आईआईटी की तरह छग इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी।
शहर एनसीआर की तर्ज पर डेवलप
- एनसीआर के तर्ज पर स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर)। इसमें रायपुर, दुर्ग, भिलाई सभी को मिलाकर एससीआर बनाएंगे।
छत्तीसगढ़ के 5 शक्तिपीठ होंगे विकसित
- एक हजार किमी की शक्तिपीठ परियोजना की शुरुआत होगी। छत्तीसगढ़ के 5 शक्तिपीठों को उत्तराखंड के चार धाम की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।