दिग्विजय महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में हंगामा, डॉ. रमन सिंह के PSO पर पत्रकारों से बदसलूकी का आरोप

राजनांदगांव (सन टाइम्स) ।  राजनांदगांव के दिग्विजय महाविद्यालय में आयोजित वार्षिकोत्सव एवं पदक वितरण समारोह विवादों में घिर गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह की सुरक्षा में तैनात एक PSO (NSG कमांडो) पर पत्रकारों के साथ बदसलूकी करने और धक्का देने के आरोप लगे हैं। इस घटना से मीडिया कर्मियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने कार्यक्रम का बहिष्कार कर विरोध दर्ज कराया।

कार्यक्रम में तमाम वरिष्ठ नेता, मंत्री, महाविद्यालय के शिक्षक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। मीडिया को भी औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया था, लेकिन जैसे ही कार्यक्रम शुरू हुआ, डॉ. रमन सिंह के PSO ने कुछ पत्रकारों से दुर्व्यवहार किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक पत्रकार से उसकी पहचान पत्र (ID) दिखाने की मांग की गई और दो पत्रकारों को धक्का दिया गया।

घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और शिक्षकों ने मीडिया कर्मियों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन नाराज पत्रकारों ने इसे चौथे स्तंभ पर हमला बताते हुए कार्यक्रम का पूर्ण बहिष्कार कर दिया। इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता निखिल द्विवेदी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए इसे लोकतंत्र का दमन करार दिया और कार्यक्रम को राजनीतिक आयोजन बताया।

पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार मीडिया की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े करता है। इस घटना ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है, और मामले पर अब तक डॉ. रमन सिंह की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।