अफीम कांड का खुलासा करने वाले समोदा सरपंच पर पुलिस की कार्रवाई, बाउंड ओवर तोड़ने पर जेल
व्हाट्सएप स्टेटस पर अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप, पुलगांव पुलिस ने मोबाइल जब्त कर दर्ज किया केस
दुर्ग। समोदा गांव में अफीम की अवैध खेती का पर्दाफाश कर सुर्खियों में आए सरपंच अरुण गौतम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने उन्हें व्हाट्सएप स्टेटस पर कथित आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि उन्होंने प्रशासनिक और राजस्व विभाग के अधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट साझा की थी। खास बात यह है कि इससे पहले भी उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी और उन्हें निर्धारित शर्तों का पालन करने के लिए बाउंड ओवर कराया गया था। दोबारा उल्लंघन सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
व्हाट्सएप पोस्ट को लेकर थाने पहुंची शिकायत
मामले में समोदा निवासी जितेंद्र देशमुख ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी थी। शिकायत में सरपंच पर व्हाट्सएप स्टेटस के जरिए अधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने का आरोप लगाया गया। अनुविभागीय दंडाधिकारी दुर्ग से मिले ज्ञापन और शिकायत के आधार पर पुलगांव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 तथा आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज किया।
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए अरुण गौतम को गिरफ्तार किया। पोस्ट साझा करने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया गया है। अब पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पहले की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी बनी आधार
पुलिस के अनुसार, आरोपी को पूर्व में बाउंड ओवर किया गया था। इसका उद्देश्य शांति व्यवस्था बनाए रखना और निर्धारित शर्तों का पालन सुनिश्चित करना था। लेकिन दोबारा कथित आपत्तिजनक गतिविधि सामने आने के बाद पुलिस ने इसे शर्तों का उल्लंघन माना। बाउंड ओवर निरस्त करने और जब्ती के लिए एसडीएम न्यायालय में प्रतिवेदन दिया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
मार्च में अफीम की खेती उजागर कर बटोरी थी चर्चा
मार्च 2026 में समोदा गांव के खेतों में बड़े पैमाने पर अफीम की अवैध खेती का खुलासा हुआ था। मौके पर लाखों पौधे मिलने से प्रदेशभर में मामला चर्चा में आ गया था। इस खेती की सूचना पुलिस और प्रशासन को देने में सरपंच अरुण गौतम की अहम भूमिका बताई गई थी। सूचना मिलने के बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की थी। प्रकरण में पुलिस ने जांच पूरी कर आठ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी।
इस तरह जिस सरपंच की पहल से गांव में अफीम की अवैध खेती का मामला उजागर हुआ था, वही अब अधिकारियों के संबंध में कथित आपत्तिजनक पोस्ट और बाउंड ओवर की शर्तों के उल्लंघन के मामले में जेल पहुंच गया है।
suntimes 