भिलाई की मतदाता सूची में 13,933 नामों की जानकारी दुरुस्त

पांचों जोन में आवेदनों की जांच के बाद किया गया संशोधन, शेष दावा-आपत्तियों का 6 नवंबर तक होगा निराकरण; राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दिखाई गई संशोधित सूची

भिलाई की मतदाता सूची में 13,933 नामों की जानकारी दुरुस्त

दुर्ग-भिलाई। मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए चलाए जा रहे पुनरीक्षण अभियान के तहत भिलाई नगर निगम क्षेत्र में सुधार की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। निगम के सभी पांच जोनों में अब तक 13,933 मतदाताओं की जानकारी में आवश्यक संशोधन किए जा चुके हैं। इस पूरी प्रक्रिया से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी अवगत कराया गया। निगम सभागार में आयोजित बैठक के दौरान उन्हें किए गए बदलावों का विवरण दिखाया गया।

बैठक में निगम आयुक्त सुरुचि सिंह, अपर कलेक्टर लिली थॉमस, खेमलाल वर्मा और अनुविभागीय दंडाधिकारी सोनल डेविड उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नामों में संशोधन तथा अन्य त्रुटियों को दूर करने के लिए प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी दी। परिशिष्ट-15 और विभिन्न दावा-आपत्तियों पर भी चर्चा की गई। बताया गया कि पांचों जोनों में प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच के बाद आवश्यक सुधार किए गए हैं।

शेष आवेदनों के लिए तय की गई समय-सीमा

सुधार कार्य में जोन आयुक्तों, सहायक निर्वाचन अधिकारियों और बूथ स्तर पर तैनात कर्मचारियों की भूमिका रही। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने संशोधन संबंधी जानकारी का अवलोकन किया और अब तक की गई कार्रवाई पर संतोष जताया। इसके बाद लंबित आपत्तियों के निराकरण को लेकर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।

प्रशासन ने शेष मामलों में आवश्यक जांच पूरी कर तीन दिनों के भीतर सुधार करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, 3 नवंबर तक प्राप्त बाकी दावा-आपत्तियों का निराकरण 6 नवंबर तक कर लिया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को समय-सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।