मुरासु तूफान का असर, रायपुर समेत कई जिलों में बदला मौसम का मिजाज

शाम को राजधानी में तेज बारिश के साथ छाई धुंध, प्रदेश के 19 जिलों में यलो अलर्ट; 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका

मुरासु तूफान का असर, रायपुर समेत कई जिलों में बदला मौसम का मिजाज

रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का प्रभाव छत्तीसगढ़ के मौसम पर दिखाई देने लगा है। मंगलवार को राजधानी रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। शाम होते ही मौसम ने करवट ली और शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। बारिश के बाद वातावरण में धुंध भी नजर आई। मौसम विभाग ने 3 नवंबर को प्रदेश के 19 जिलों और 4 नवंबर को 15 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

आंध्र प्रदेश में टकराया तूफान, छत्तीसगढ़ तक पहुंचा प्रभाव

‘अर्नब’ तूफान के गुजरने के चार दिन बाद चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ आंध्र प्रदेश के ओंगोल के समीप तट से टकराया। इस दौरान करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। इसी मौसमी गतिविधि का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल रहा है।

रायपुर में बादल और बारिश के आसार

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजधानी में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। एक-दो बार बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले मौसम के लिए अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

जगदलपुर में सर्वाधिक 22 मिमी बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान जगदलपुर में सर्वाधिक 22 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई। तापमान की बात करें तो रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।