अक्षय तृतीया पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी शुभकामनाएं, बाल विवाह रोकने का दिया संदेश

अक्षय तृतीया पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी शुभकामनाएं, बाल विवाह रोकने का दिया संदेश

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की, छत्तीसगढ़ की कृषि परंपरा और सामाजिक जिम्मेदारी पर दिया बल

अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की जनता को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस अवसर पर सामाजिक सुधारों और कृषि संस्कृति के संरक्षण की दिशा में जागरूकता का संदेश भी दिया।

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अक्षय तृतीया (अक्ति तिहार) के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए उनके जीवन में सुख, समृद्धि और शांति की कामना की है। उन्होंने कहा कि यह पर्व शुभ आरंभों, अक्षय पुण्य और मंगल कार्यों का प्रतीक है, जो परंपरागत रूप से विशेष महत्व रखता है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अक्षय तृतीया को विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों के लिए श्रेष्ठ दिन माना गया है, लेकिन इस अवसर पर उन्होंने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को खत्म करने की जिम्मेदारी समाज के हर व्यक्ति पर बताई। उन्होंने आग्रह किया कि हम सब मिलकर इस बुराई के खिलाफ एकजुट होकर काम करें।

उन्होंने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि अक्ति तिहार राज्य की कृषि परंपरा से गहराई से जुड़ा है। इस दिन से नई फसल की तैयारी शुरू होती है और मिट्टी के खिलौनों के माध्यम से हमारी धरती से जुड़ाव की भावना को बल मिलता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें माटी के प्रति श्रद्धा और सम्मान की सीख भी देता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे इस अवसर पर सामाजिक सौहार्द, परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव को बनाए रखने का संकल्प लें।