"रिसाली महापौर परिषद में बदलाव की बयार, तीन नए चेहरों की एंट्री, सीमा साहू बाहर"

महापौर शशि सिन्हा ने परिषद में किया फेरबदल, जिम्मेदारियों का हुआ पुनर्वितरण

"रिसाली महापौर परिषद में बदलाव की बयार, तीन नए चेहरों की एंट्री, सीमा साहू बाहर"
  • भाजपा में शामिल पार्षद सीमा साहू को परिषद से हटाया गया
  • राजस्व, पुनर्वास और महिला कल्याण विभागों को सौंपे गए नए प्रभारी

रिसाली नगर निगम की महापौर शशि सिन्हा ने महापौर परिषद में बड़ा बदलाव करते हुए तीन नए सदस्यों को शामिल किया है। इस फेरबदल में भाजपा में शामिल पार्षद सीमा साहू को परिषद से बाहर कर दिया गया है, जबकि प्रमुख विभागों की जिम्मेदारियां अब नए चेहरों को सौंपी गई हैं।

रिसाली। नगर पालिक निगम रिसाली में महापौर शशि सिन्हा द्वारा महापौर परिषद में पुनर्गठन करते हुए तीन नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं दूसरी ओर, भाजपा में हाल ही में प्रवेश करने वाली वार्ड 28 की पार्षद सीमा साहू को परिषद से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। इस बदलाव की जानकारी देर शाम आधिकारिक आदेश के माध्यम से दी गई।

पूर्व में भाजपा में प्रवेश करने वाले वार्ड 20 के पार्षद चंद्रप्रकाश सिंह को हटाते हुए, अब वार्ड 36 के पार्षद रोहित धनकर को राजस्व विभाग का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें बाजार विभाग और वाहन विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी दी गई हैं। यह नियुक्ति परिषद के कामकाज में नयापन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इसके अलावा, वार्ड 10 की पार्षद जमुना ठाकुर को महापौर ने पुनर्वास, नगर नियोजन, उद्यानिकी और संचार विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, सीमा साहू को हटाने के बाद उनकी जगह वार्ड 40 की पार्षद रंजीता बेनुआ को महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, और आजीविका विभाग का प्रभारी बनाया गया है।

इन बदलावों को महापौर शशि सिन्हा द्वारा निगम के कार्य संचालन को अधिक प्रभावशाली और राजनीतिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए लिया गया निर्णय माना जा रहा है।