राज्योत्सव के मंच से छत्तीसगढ़ की विभूतियों का होगा सम्मान, अमित शाह ने किया संकल्प पार्क का लोकार्पण
नवा रायपुर में तीन दिवसीय राज्योत्सव का समापन समारोह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे अध्यक्षता; लोकसंगीत, पंडवानी और बॉलीवुड गायक अभिजीत भट्टाचार्य की प्रस्तुति से सजेगी शाम
रायपुर। नवा रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का समापन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हो रहा है। समारोह में शामिल होने पहुंचे शाह ने सबसे पहले विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। समापन समारोह में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं और विभूतियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।
समापन समारोह में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और कला परंपरा भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद पद्मश्री उषा बारले पंडवानी गायन के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत करेंगी। रात 9 बजे के बाद पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य की संगीत प्रस्तुति प्रस्तावित है।
नक्सलवाद के खिलाफ अभियान के बीच अहम दौरा
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे को लेकर जारी अभियान के बीच केंद्रीय गृहमंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमित शाह ने देश से नक्सलवाद समाप्त करने के लिए 31 मार्च 2026 की समयसीमा निर्धारित की थी। ऐसे में राज्योत्सव के समापन समारोह में उनकी मौजूदगी को प्रदेश में सुरक्षा और विकास से जुड़े प्रयासों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। तीन दिनों तक चले आयोजन में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, विकास की उपलब्धियों और बदलते स्वरूप को प्रदर्शित किया गया।
छह मार्गों से प्रवेश, 40 हजार वाहनों की पार्किंग
समारोह में आने वाले लोगों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने छह अलग-अलग मार्गों से प्रवेश की व्यवस्था की है। आयोजन स्थल पर करीब 40 हजार वाहनों की पार्किंग की सुविधा रखी गई है। इसके अलावा 300 शौचालय, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अस्पताल और 25 एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के साथ ही दर्शकों की सुविधाओं को लेकर भी प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
suntimes 