राज्योत्सव में हाजिरी का फरमान, खाद्य विभाग ने राशन दुकान संचालकों को भी बुलाया

अमित शाह के रायपुर आगमन और राज्योत्सव समापन समारोह से पहले जारी हुआ आदेश चर्चा में

राज्योत्सव में हाजिरी का फरमान, खाद्य विभाग ने राशन दुकान संचालकों को भी बुलाया

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे से पहले जिला खाद्य विभाग का एक आदेश चर्चा का विषय बन गया है। रायपुर जिला खाद्य नियंत्रक कार्यालय की ओर से जारी इस निर्देश में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सरकारी राशन दुकानों से जुड़े पदाधिकारियों एवं विक्रेताओं को भी कार्यक्रम में उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है।

2 नवंबर को जारी आदेश के मुताबिक, खाद्य विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को 3 नवंबर को शाम 4 बजे से 7 बजे तक राज्योत्सव के शासकीय कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से मौजूद रहना होगा। इसके लिए सभी को आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सहयोग देने के निर्देश दिए गए हैं।

राशन दुकानों से जुड़े लोगों को भी निर्देश

आदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत संचालित उचित मूल्य दुकानों के अध्यक्षों, संचालकों और विक्रेताओं को भी शामिल किया गया है। उन्हें अपने-अपने क्षेत्र के खाद्य निरीक्षक के समक्ष निर्धारित समय पर उपस्थित होने के लिए कहा गया है। विभागीय आदेश सामने आने के बाद यह चर्चा शुरू हो गई है कि राज्योत्सव के आयोजन में विभागीय अमले के अलावा राशन दुकानों से जुड़े लोगों की मौजूदगी भी सुनिश्चित की जा रही है।