IPL गवर्निंग काउंसिल में फिर धूमल की ताजपोशी की तैयारी, 18 सितंबर को होगा फैसला
दो पदों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी; अरुण धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार के निर्विरोध चुने जाने की संभावना, 9-10 सितंबर को नामांकन
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में दो सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बीसीसीआई के चुनाव अधिकारी ने इसके लिए आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। दोनों पदों पर मौजूदा सदस्य अरुण सिंह धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार दोबारा निर्विरोध चुने जा सकते हैं। चुनाव का अंतिम फैसला 18 सितंबर को होने वाली बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (AGM) में होगा।
मुंबई (ए)। बीसीसीआई ने आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के दो सदस्यों के चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनाव अधिकारी एके ज्योति ने बोर्ड संविधान के नियम 28 के तहत चुनाव नोटिस जारी किया है। इसके मुताबिक हिमाचल प्रदेश के अरुण सिंह धूमल और मिजोरम के खैरुल जमाल मजूमदार दोबारा इन पदों के लिए मैदान में उतर सकते हैं।
दोनों मौजूदा सदस्य हैं और उनके फिर से निर्विरोध चुने जाने की संभावना है। धूमल वर्तमान में आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन हैं, जबकि मजूमदार सदस्य के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
9-10 सितंबर को नामांकन
चुनाव प्रक्रिया के तहत दोनों उम्मीदवारों को 9 या 10 सितंबर को नामांकन दाखिल करना होगा। नामांकन पत्रों की जांच के बाद 12 सितंबर को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 18 सितंबर को AGM में चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होगी।
एक साल का होता है कार्यकाल
बीसीसीआई संविधान के अनुसार आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में जनरल बॉडी की ओर से चार सदस्य होते हैं। इनमें से दो सदस्यों का चुनाव हर साल AGM के जरिए किया जाता है। इसी वजह से धूमल और मजूमदार को अपने पद पर बने रहने के लिए दोबारा चुनाव प्रक्रिया में शामिल होना पड़ेगा।
जनरल बॉडी से काउंसिल में सचिव देवजीत सैकिया और कोषाध्यक्ष रघुराम भट भी शामिल हैं। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में कुल सात सदस्य होते हैं। चार सदस्य जनरल बॉडी से आते हैं, जबकि बीसीसीआई सीईओ, इंडियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि और कैग की ओर से नामित सदस्य भी काउंसिल का हिस्सा होते हैं।
8 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची
चुनाव अधिकारी ने बीसीसीआई के पूर्ण सदस्यों से अपने प्रतिनिधियों के नाम चुनावी मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन मांगे हैं। AGM में भाग लेने वाले राज्य क्रिकेट संघों के अधिकृत प्रतिनिधि ही इस सूची में शामिल होंगे।
राज्य संघों को अपने प्रतिनिधियों के नाम भेजने के लिए कहा गया है। प्रतिनिधियों के नामांकन की प्रक्रिया 25 अगस्त से शुरू हुई थी और 31 अगस्त तक आवेदन किए जा सकते हैं। आपत्तियों के निपटारे के बाद 8 सितंबर को अंतिम इलेक्टोरल लिस्ट जारी की जाएगी।
AGM में एसोसिएट सदस्यता पर भी निर्णय
18 सितंबर की AGM में अंडमान-निकोबार क्रिकेट संघ को एसोसिएट सदस्यता देने के प्रस्ताव पर भी फैसला होने की संभावना है। यह बीसीसीआई की 95वीं वार्षिक आम बैठक होगी।
suntimes 