किसी को इलाज तो किसी को पढ़ाई की चिंता, जनदर्शन में सीएम साय ने बढ़ाया मदद का हाथ

बुजुर्ग को श्रवण यंत्र, बच्चों के उपचार की व्यवस्था के निर्देश; आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवारों को राहत का भरोसा

किसी को इलाज तो किसी को पढ़ाई की चिंता, जनदर्शन में सीएम साय ने बढ़ाया मदद का हाथ

  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जनदर्शन जरूरतमंदों के लिए राहत का माध्यम बना। यहां पहुंचे किसी परिवार के सामने बच्चों के इलाज का संकट था तो कोई आर्थिक तंगी के कारण अपनी पढ़ाई जारी रखने को लेकर परेशान था। मुख्यमंत्री ने सभी की व्यथा सुनकर तत्काल सहायता की पहल की और संबंधित विभागों को बिना देरी उपचार एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन के दौरान गुरुवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए नागरिकों से मुलाकात की। लोगों ने स्वास्थ्य, आर्थिक परेशानी और पारिवारिक परिस्थितियों से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने आवेदनों को केवल औपचारिकता तक सीमित रखने के बजाय संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण की जिम्मेदारी सौंपी। कई जरूरतमंदों के लिए आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की गई।

तीन दशक से सुनने में परेशानी, अब श्रवण यंत्र से मिली राहत

कोरबा जिले के 83 वर्षीय परसराम राठौर के लिए जनदर्शन यादगार बन गया। हरदी बाजार क्षेत्र के निवासी परसराम पिछले 30 वर्षों से कम सुनने की समस्या से परेशान थे। मुख्यमंत्री ने उनकी परेशानी जानकर श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया। साथ ही आंखों की जांच कराकर चश्मा दिलाने के निर्देश दिए। भाटापारा के बलवंत सिंह यादव को भी श्रवण यंत्र दिया गया।

फरहीन की पढ़ाई जारी रखने में सरकार करेगी मदद

जशपुर की फरहीन ने मुख्यमंत्री को बताया कि कैंसर से पीड़ित पिता के लंबे इलाज में परिवार की सारी बचत खत्म हो गई। वर्ष 2025 में पिता के निधन के बाद परिवार आर्थिक संकट में आ गया। हालात इतने कठिन हैं कि घर तक गिरवी रखने की नौबत है। मां के साथ जनदर्शन में पहुंची फरहीन ने अपनी पढ़ाई को लेकर चिंता जताई। मुख्यमंत्री ने उसकी परेशानी समझते हुए पढ़ाई बाधित नहीं होने देने का भरोसा दिलाया और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

मोतियाबिंद से पीड़ित पार्थ को मिलेगा बेहतर उपचार

राजनांदगांव की पूर्णिमा साहू अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ के इलाज की मांग लेकर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि समय से पहले जन्म लेने के कारण पार्थ को शुरुआती दिनों में करीब दो महीने अस्पताल में रखना पड़ा था। अब उसे मोतियाबिंद की समस्या है। आंखों में लेंस लगाने के लिए चिकित्सकों ने लाखों रुपए का खर्च बताया है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने से उपचार कराना मुश्किल हो रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बच्चे के इलाज की समुचित व्यवस्था करने को कहा।

पिता की आर्थिक मजबूरी समझकर छयांश के ऑपरेशन के निर्देश

कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले ने अपने छह वर्षीय बेटे छयांश के पैरों के ऑपरेशन के लिए मदद मांगी। उन्होंने बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही चलने-फिरने में परेशानी है। बड़े बेटे का ऑपरेशन कराने के बाद वह स्वस्थ है, लेकिन छोटे बेटे का उपचार आर्थिक तंगी के कारण रुका हुआ है। पत्नी के निधन के बाद वह अपनी बुजुर्ग मां और बहन के सहारे बच्चों का पालन-पोषण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को छयांश के इलाज में तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

समस्याओं के समाधान में न हो देरी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर प्राथमिकता से कार्रवाई हो। जरूरतमंदों को उपचार, आर्थिक सहायता और अन्य शासकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने में संवेदनशीलता बरती जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी जायज समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।