मुक्तिधाम में डोम शेड की मांग को लेकर जुनवानी चौक पर होगा प्रदर्शन
वार्ड-01 के रहवासियों ने उठाई आवाज, अंतिम संस्कार के दौरान होने वाली परेशानियों से निजात दिलाने की मांग
भिलाई। जुनवानी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 01 स्थित मुक्तिधाम में डोम शेड की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग जोर पकड़ने लगी है। अंतिम संस्कार के दौरान धूप और मौसम की परिस्थितियों के बीच लोगों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए वार्डवासियों एवं स्थानीय नागरिकों ने आवाज बुलंद की है। इसी मांग को लेकर जुनवानी चौक में शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित करने की सूचना थाना स्मृतिनगर पुलिस को दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंतिम संस्कार जैसी संवेदनशील परिस्थिति में मौसम की प्रतिकूलता के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। लंबे समय से महसूस की जा रही इस आवश्यकता को देखते हुए वार्डवासियों एवं सर्व समाज के लोगों ने शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का निर्णय लिया है।
इसी क्रम में जुनवानी चौक पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित करने की सूचना थाना स्मृतिनगर के थाना प्रभारी को लिखित रूप में दी गई है। 25 नवंबर 2026 को सौंपे गए पत्र में प्रदर्शन के दौरान आवश्यक पुलिस व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग मांगा गया है।
स्थानीय नागरिकों ने मुक्तिधाम में डोम शेड निर्माण की मांग पर प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक पहल करने की अपेक्षा जताई है।
suntimes 