प्रदेश की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, महिलाओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा
छत्तीसगढ़ में दर्ज हुए 1.90 करोड़ मतदाता, 26,854 मतदान केंद्रों पर देख सकेंगे सूची; नाम जुड़वाने और आपत्ति के लिए एक महीने का समय
छत्तीसगढ़ में आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत प्रदेश की प्रारूप मतदाता सूची जारी कर दी है। इसमें कुल 1.90 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं। आंकड़ों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से आगे है। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में छूट गया है, उन्हें नाम जुड़वाने के साथ गलतियों में सुधार का अवसर भी दिया गया है।
रायपुर। प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 12 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित कर दी गई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे इस अभियान की अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। निर्वाचन विभाग ने सूची की प्रतियां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराने के साथ ही इसे ऑनलाइन भी सार्वजनिक किया है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची में कुल 1 करोड़ 90 लाख 16 हजार 768 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 95 लाख 31 हजार 721 महिला, 94 लाख 86 हजार 635 पुरुष और 412 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों की तुलना में 45 हजार 86 अधिक है।
मतदान केंद्रों की संख्या में भी बदलाव
निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद अब राज्य में कुल 26,854 मतदान केंद्र हैं। इससे पहले इनकी संख्या 27,196 थी। प्रक्रिया के दौरान 47 नए केंद्र स्थापित किए गए और 389 केंद्रों को विलोपित किया गया। वर्तमान व्यवस्था में शहरी क्षेत्रों में 5,876 और ग्रामीण इलाकों में 20,978 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प
मतदाता अपने नाम की पुष्टि ईसीआईनेट मोबाइल एप अथवा www.voters.eci.gov.in पोर्टल के जरिए कर सकते हैं। इसके लिए मतदान केंद्रवार प्रारूप सूची उपलब्ध है। इंटरनेट की सुविधा नहीं होने पर संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सूची में नाम की जांच कराई जा सकती है। इसके अलावा निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन 1950 पर फोन करके भी जानकारी ली जा सकती है।
अलग-अलग काम के लिए निर्धारित हैं फॉर्म
निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची में बदलाव के लिए अलग-अलग आवेदन फॉर्म निर्धारित किए हैं। नए मतदाता के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, प्रवासी भारतीय नागरिकों के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6(क), नाम विलोपित कराने के लिए फॉर्म-7 और विवरण में संशोधन, पता बदलने, स्थानांतरण, नया ईपीआईसी कार्ड बनवाने या दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नित कराने के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। ऑनलाइन आवेदन के साथ बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन भी जमा किए जा सकते हैं।
11 दिसंबर तक कर सकेंगे दावा-आपत्ति
पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। निर्वाचन विभाग को 28 दिसंबर तक इनका निराकरण करना है। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
तीन अतिरिक्त तिथियों के लिए भी अग्रिम पंजीकरण
इस अभियान में पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं के लिए भी अवसर दिया गया है। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवा फॉर्म-6 के जरिए नाम जुड़वा सकते हैं। इसके साथ ही 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी पहले से आवेदन कर सकेंगे। निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रारूप सूची में अपना नाम और विवरण अवश्य जांचें। किसी तरह की परेशानी होने पर हेल्पलाइन 1950 या बीएलओ की सहायता ली जा सकती है।
suntimes 