खारुन से तालाबों तक गूंजेंगे छठ के गीत, 50 से ज्यादा घाटों पर होगी सूर्य उपासना

महादेव घाट के आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे शामिल, 15 नवंबर को डूबते सूर्य को अर्घ्य और 16 को उगते सूर्य की आराधना के साथ संपन्न होगा महापर्व

खारुन से तालाबों तक गूंजेंगे छठ के गीत, 50 से ज्यादा घाटों पर होगी सूर्य उपासना

रायपुर। राजधानी में छठ महापर्व को लेकर आस्था और उत्साह का माहौल बनने लगा है। शहर के 50 से अधिक घाटों और तालाबों पर हजारों श्रद्धालु पारंपरिक विधि-विधान से सूर्यदेव की पूजा करेंगे। महादेव घाट, बिरगांव का व्यास तालाब, हीरापुर का छुईया तालाब और सड्डू सहित विभिन्न पूजा स्थलों पर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। कहीं घाटों को सजाया जा रहा है तो कहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई, प्रकाश और पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। महादेव घाट पर होने वाले मुख्य आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी भी रहेगी।

महादेव घाट बनेगा मुख्य आकर्षण

खारुन नदी के महादेव घाट पर 15 नवंबर को छठ पूजा के अवसर पर भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन होगा। शाम 4 बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम में देश के विभिन्न शहरों से आए कलाकार छठ गीतों और लोक संस्कृति की प्रस्तुतियां देंगे। गायत्री यादव, मुकुल सिंह और इशरत जहां केडिया के साथ छत्तीसगढ़ के तिलक राजा साहू एवं केशरी साहू भी प्रस्तुति देंगे। प्रयागराज की सोनाली तरुण चोपड़ा और उनकी टीम नृत्य नाटिका तथा धार्मिक झांकियां पेश करेगी। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण महाआरती होगी। आयोजन समिति ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को आमंत्रित किया है और उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है।

बिरगांव में भोजपुरी संस्कृति की दिखेगी झलक

बिरगांव स्थित व्यास तालाब में भोजपुरी समाज और छठ पूजा समिति की ओर से व्यापक आयोजन किया जा रहा है। यहां संध्या अर्घ्य और प्रातःकालीन उषा अर्घ्य के लिए घाटों को तैयार किया जा रहा है। समिति के पदाधिकारी कोमल रंजय सिंह के अनुसार, इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। पूजा-अर्चना के साथ भोजपुरी लोकगीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

छुईया तालाब और सड्डू में भी विशेष तैयारी

हीरापुर स्थित छुईया तालाब में उत्तर भारत समाज कल्याण सेवा समिति की ओर से छठ महापर्व मनाया जाएगा। यहां पटना से आने वाले कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। सड्डू में छठ पूजा समिति की ओर से 15 नवंबर को शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें लल्लू महाराज और अन्य भोजपुरी कलाकार शामिल होंगे। इसके अलावा आमा तालाब, मच्छी तालाब और नवा रायपुर के झांझ तालाब सहित कई स्थानों पर भी छठ पूजा की जाएगी।

जानिए चार दिवसीय पर्व का पूरा क्रम

13 नवंबर, शुक्रवार: नहाय-खाय के साथ पर्व की शुरुआत। व्रती स्नान कर सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं।

14 नवंबर, शनिवार: खरना। दिनभर उपवास के बाद शाम को पूजा और प्रसाद ग्रहण किया जाता है। इसके बाद निर्जला व्रत शुरू होता है।

15 नवंबर, रविवार: संध्या अर्घ्य। व्रती घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे।

16 नवंबर, सोमवार: उषा अर्घ्य। सुबह उगते सूर्य की पूजा के बाद पारण कर व्रत पूरा किया जाएगा।

प्रकृति और परिवार की खुशहाली का पर्व

छठ महापर्व में सूर्यदेव के साथ छठी मइया की आराधना की जाती है। मान्यता है कि इस व्रत से परिवार में सुख-समृद्धि और संतान की खुशहाली बनी रहती है। पूजा में बांस के सूप और दउरा का उपयोग किया जाता है। इनमें फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद सजाकर सूर्यदेव को अर्पित किए जाते हैं। कठिन उपवास, स्वच्छता और सामूहिक सहभागिता इस पर्व की खास पहचान हैं। अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा इसे अन्य पर्वों से अलग बनाती है।