पीलिया का स्रोत तलाश रहा विभाग, पोटियाकला में 286 घरों की जांच
9 मरीज मिलने के बाद चार जगहों के पानी के नमूने जांच को भेजे, घर-घर स्वास्थ्य सर्वे जारी
दुर्ग। पोटियाकला बस्ती में पीलिया के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी है। 7 से 12 नवंबर के बीच क्षेत्र में 9 लोगों में पीलिया की पुष्टि हुई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य सर्वे शुरू किया। 12 नवंबर तक 286 घरों की जांच की जा चुकी है और इस दौरान कोई नया मरीज नहीं मिला।
एक मरीज अस्पताल में, आठ घर पर उपचाररत
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पीलिया से प्रभावित 9 मरीजों में से एक का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं 8 मरीजों को घर पर उपचार दिया जा रहा है। सभी मरीजों की स्थिति सामान्य बताई गई है। अब तक बीमारी से किसी की मृत्यु की सूचना नहीं है।
संक्रमण की वजह जानने पानी के सैंपल
पीलिया के फैलने के संभावित कारणों में पेयजल की भूमिका की जांच की जा रही है। इसी क्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बस्ती के चार अलग-अलग स्थानों से पानी के नमूने लिए हैं। इन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दूषित पानी संक्रमण का कारण है या नहीं।
सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी के निर्देश पर जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। टीम ने स्थानीय लोगों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और बीमारी के लक्षणों को लेकर जागरूक किया।
लक्षण दिखें तो तत्काल कराएं जांच
विभाग ने लोगों को साफ-सफाई और खान-पान को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। पानी को उबालकर पीने, बाहर के खाद्य पदार्थों से बचने और सड़ी-गली सब्जियों का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई है। उल्टी, भूख न लगना, थकान, लगातार पेट दर्द या बुखार जैसे लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें फिलहाल प्रभावित क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही हैं। नए मरीजों की पहचान के साथ संक्रमण के संभावित स्रोतों की जांच की जा रही है। पेयजल के नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद बीमारी के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
suntimes 