पहाड़ों पर बर्फबारी की तैयारी, मैदानी इलाकों में कोहरे का पहरा
मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री तक गिरा, यूपी में उड़ानें प्रभावित; राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
नई दिल्ली (ए)। उत्तर और मध्य भारत में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे तेज होने लगा है। मध्य प्रदेश में इस मौसम की सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम पारा 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के 15 शहरों में तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है। भोपाल और जबलपुर में रात की ठंड प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ज्यादा दर्ज की जा रही है।
उत्तर प्रदेश में मौसम के साथ प्रदूषण की दोहरी चुनौती सामने आ रही है। लखनऊ सहित 10 शहरों में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। दूसरी ओर नोएडा और गाजियाबाद में हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है। सुबह 6 बजे एक्यूआई 278 दर्ज किया गया। कोहरे के कारण नोएडा एयरपोर्ट पर पांच विमानों की उड़ान निर्धारित समय से प्रभावित हुई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राजस्थान में 14-15 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके बाद 16 नवंबर से राज्य में सर्द हवाओं और गिरते तापमान के कारण ठिठुरन बढ़ने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम करवट लेने जा रहा है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 12-13 नवंबर को बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। उधर, मेघालय के शिलांग में बुधवार को हुई तेज ओलावृष्टि ने मौसम को अचानक ठंडा कर दिया। पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक बदलते मौसम के चलते लोगों को अब सर्दी का ज्यादा सामना करना पड़ सकता है।
suntimes 