खास समाचार : ब्रेक और सिग्नल सिस्टम में खराबी की आशंका के बीच असम में रेल दुर्घटना
डिगारू स्टेशन पर दूसरी लाइन में जाते समय बैरिकेड्स से टकराई एक्सप्रेस, इंजन और 5 कोच पटरी से उतरे; 50 यात्रियों के घायल होने की खबर
गुवाहाटी (ए)। असम में बुधवार सुबह कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कामरूप जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन पर सुबह 6:54 बजे ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद स्थानीय स्तर पर करीब 50 यात्रियों के घायल होने की सूचना सामने आई है। दूसरी ओर रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की बात कही है।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अनुसार, ट्रेन को दूसरी लाइन पर ले जाने के दौरान यह घटना हुई। बताया गया है कि दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए एक्सप्रेस की गति कम की जानी थी, लेकिन ट्रेन की रफ्तार नियंत्रित नहीं हो सकी। इसके चलते ट्रेन दूसरी लाइन पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि इंजन के साथ पांच कोच पटरी से उतर गए।
हादसे से पहले तकनीकी गड़बड़ी की बात कहते दिखे लोको पायलट
इस दुर्घटना से जुड़ा करीब 45 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में लोको पायलट केबिन के अंदर का दृश्य रिकॉर्ड हुआ है। इसमें इंजन का कंट्रोल पैनल और डिजिटल डिस्प्ले दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में लोको पायलट यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि इंजन के कई सिस्टम काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने सिग्नल फेल होने, इमरजेंसी सिस्टम के काम नहीं करने और एस9-ए9 के निष्क्रिय होने का उल्लेख किया है।
लोको पायलट की इस बातचीत के बाद ट्रेन में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वीडियो में कही गई बातों और दुर्घटना के बीच संबंध की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रेलवे की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा तकनीकी खराबी, ब्रेक सिस्टम या संचालन संबंधी किसी चूक के कारण हुआ।
suntimes 