IG अभिषेक शांडिल्य का कबीरधाम दौरा: कानून-व्यवस्था की समीक्षा से लेकर बच्चों को पढ़ाई का उपहार
पुलिस जवानों की समस्याएं सुनीं, कुण्डपानी कैंप का निरीक्षण किया, ग्राम तेंदूपढ़ाव में बच्चों को अध्ययन सामग्री वितरित कर दिया शिक्षा का संदेश

राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने शुक्रवार को कबीरधाम जिले का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जहां कानून-व्यवस्था, साइबर क्राइम और थाना प्रबंधन पर गहन समीक्षा की, वहीं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के पुलिस कैंपों में तैनात जवानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। दौरे की खास बात रही, जब उन्होंने पुलिस द्वारा संचालित स्कूल में बच्चों से मिलकर उन्हें पढ़ाई का सामान भेंट किया।
कबीरधाम। राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने शुक्रवार को कबीरधाम जिले का एक दिवसीय दौरा किया। उन्होंने दौरे की शुरुआत जिला पुलिस कार्यालय से की, जहां पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। एसपी धर्मेन्द्र सिंह और एएसपी पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।
शांडिल्य ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और SDOPs की बैठक लेकर विभिन्न कानून-व्यवस्था संबंधी मुद्दों पर चर्चा की, जिनमें महिला व बाल अपराध, साइबर क्राइम, नशा तस्करी, बीट सिस्टम और लंबित विवेचनाएं शामिल रहीं। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का त्वरित और निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित किया जाए और गंभीर अपराधों की विवेचना प्रभावी व समयबद्ध हो। उन्होंने सामुदायिक पुलिसिंग, तकनीकी प्रशिक्षण, और जन-जागरूकता अभियानों पर जोर देते हुए पुलिसिंग को जनता के और करीब लाने की बात कही।
इसके पश्चात IG शांडिल्य ने जिले के वनांचल क्षेत्र में स्थित कुण्डपानी पुलिस कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात जवानों से संवाद कर पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सुविधाएं, आवास व संचार जैसी बुनियादी जरूरतों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सुविधाएं समय पर मुहैया कराई जाएं।
उन्होंने कहा, "कठिन परिस्थितियों में सेवा दे रहे जवानों का अनुशासन और समर्पण प्रशंसनीय है। इन क्षेत्रों में पुलिस की उपस्थिति शांति और विकास की नींव है।" उन्होंने बल को सतर्क, अनुशासित और जनसंवेदनशील बने रहने का संदेश दिया।
इस दौरान IG शांडिल्य ने ग्राम तेंदूपढ़ाव में स्थित अस्थायी प्राथमिक विद्यालय का भी भ्रमण किया, जहां पुलिस की पहल से बच्चों को शिक्षा मिल रही है। उन्होंने बच्चों को किताबें, कॉपियां, पेंसिल और पेन भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा, "शिक्षा के माध्यम से बच्चों को सशक्त बनाना, पुलिस की मानवतावादी सोच और समाज के प्रति उत्तरदायित्व को दर्शाता है।"
दौरे के समापन पर उन्होंने कबीरधाम पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले की कानून-व्यवस्था को सशक्त बनाए रखने में पुलिस की भूमिका सराहनीय रही है। उन्होंने सभी अधिकारियों और जवानों से टीम भावना, संवेदनशीलता और सेवा भाव से कार्य करते रहने का आह्वान किया।