दुर्ग में SIR के समर्थन में उतरे जेपी नड्डा, बोले- चुनाव हारने पर आयोग को दोष देना विपक्ष की अराजकता

‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ निकाली पदयात्रा, केदार कश्यप ने कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का लगाया आरोप

दुर्ग में SIR के समर्थन में उतरे जेपी नड्डा, बोले- चुनाव हारने पर आयोग को दोष देना विपक्ष की अराजकता

दुर्ग। दुर्ग में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर राजनीतिक विरोध के नाम पर अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने पर राजनीतिक दल खुद को सही बताते हैं, लेकिन हार मिलने पर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करने लगते हैं। उन्होंने कहा कि देश को ऐसी प्रवृत्तियों से बचाने की आवश्यकता है।

नड्डा ने विपक्षी दलों के लोकतंत्र संबंधी दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र की बात करने वाले दलों के इतिहास में भी ऐसे दौर रहे हैं, जब लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हुई थी।

SIR के समर्थन में निकाली पदयात्रा

सभा के बाद विशेष गहन पुनरीक्षण के समर्थन में पदयात्रा निकाली गई। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जेपी नड्डा शामिल हुए। पदयात्रा के माध्यम से भाजपा नेताओं ने SIR प्रक्रिया के समर्थन में अपनी बात रखी।

कश्यप बोले- कांग्रेस ने फैलाया भ्रम

पदयात्रा के दौरान मंत्री केदार कश्यप ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि SIR को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों में सच्चाई नहीं है और पार्टी जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

भाषण के दौरान कम हुई भीड़

कार्यक्रम की शुरुआत में सभा स्थल पर अच्छी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन केंद्रीय मंत्री के संबोधन के दौरान कुछ लोग बाहर निकलने लगे। स्थिति को देखते हुए गेट पर लोगों की आवाजाही रोकने की व्यवस्था भी की गई।