उरकुरा यार्ड का काम पड़ेगा भारी, तीज पर 10 ट्रेनें दो दिन रहेंगी रद्द

रायपुर मंडल में प्री और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 13-14 सितंबर को कई गाड़ियों का संचालन प्रभावित, दो मेमू बिलासपुर से आगे नहीं जाएंगी

उरकुरा यार्ड का काम पड़ेगा भारी, तीज पर 10 ट्रेनें दो दिन रहेंगी रद्द

बिलासपुर। तीज पर्व के दौरान रेल यात्रा करने वाले यात्रियों को दो दिन परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रायपुर मंडल के उरकुरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के लिए होने वाले प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 13 और 14 सितंबर को 10 ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा दो मेमू ट्रेनों के मार्ग को भी सीमित किया गया है।

उरकुरा स्टेशन पर यह काम उरकुरा-रायपुर स्टोर डिपो के बीच चल रही दोहरीकरण परियोजना से जुड़ा है। यार्ड में बदलाव और तकनीकी कार्य के दौरान रेल यातायात को सुरक्षित रखने के लिए रेलवे ने ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया है।

कई प्रमुख शहरों के यात्रियों पर असर

दो दिनों तक रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, गेवरा रोड और इतवारी की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा को लेकर सावधानी बरतनी होगी। तीज पर्व के कारण बड़ी संख्या में महिलाएं और परिवार मायके जाने के लिए ट्रेनों का सहारा लेते हैं। ऐसे में ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ सकती है।

स्टेशन पहुंचने से पहले करें जांच

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का परिचालन जरूर जांच लें। रद्द ट्रेन में आरक्षित यात्रा की योजना बना चुके यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेन या बस की व्यवस्था पहले ही कर लेना बेहतर होगा, ताकि अंतिम समय में परेशानी न हो।