शिक्षक से विधायक तक का सफर थमा, नहीं रहे अहिवारा के भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा

हैदराबाद में उपचार के दौरान निधन, दो बार विधानसभा पहुंचे; विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष से लेकर उपाध्यक्ष तक संभाले महत्वपूर्ण दायित्व

शिक्षक से विधायक तक का सफर थमा, नहीं रहे अहिवारा के भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा

अहिवारा। डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का जीवन शिक्षा और जनसेवा से जुड़ा रहा। राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर और बीएड की डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने शिक्षा विभाग में व्याख्याता के रूप में सेवाएं दीं। वर्ष 1998 में सेवानिवृत्ति के बाद उनका रुझान सक्रिय राजनीति की ओर बढ़ा। वर्ष 1999 में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के तत्कालीन सांसद के निजी सहायक के रूप में काम करते हुए उन्होंने राजनीतिक गतिविधियों को करीब से समझा।

अहिवारा की जनता ने दो बार चुना अपना प्रतिनिधि

भाजपा के साथ जुड़कर उन्होंने क्षेत्रीय राजनीति में अपनी सक्रियता बढ़ाई। वर्ष 2008 में पार्टी ने उन्हें अहिवारा विधानसभा से चुनाव मैदान में उतारा और उन्होंने जीत हासिल कर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। इसके बाद 2023 में पार्टी ने उन्हें फिर मौका दिया। इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के निर्मल कोसरे को 25,263 वोटों के अंतर से हराकर दूसरी बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया।

संगठन और शासन में निभाई अहम भूमिकाएं

विधायक बनने के बाद वर्ष 2010 में उन्हें छत्तीसगढ़ विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस जिम्मेदारी के साथ उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी मिला। विधानसभा में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के कल्याण से जुड़े विषयों पर काम करने वाली समितियों में भी उनकी भागीदारी रही।

दूसरे कार्यकाल में उन्हें विधानसभा की पुस्तकालय समिति सहित अन्य समितियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अक्टूबर 2025 में उन्हें अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया। नवंबर में उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया था।

राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक

12 अगस्त 1948 को जन्मे डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन ऐसे समय हुआ है, जब वे अहिवारा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। उनके निधन की सूचना के बाद दुर्ग-भिलाई और अहिवारा क्षेत्र में शोक का माहौल है। उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और विभिन्न सार्वजनिक पदों पर निभाई गई जिम्मेदारियों को याद किया जा रहा है।