गिग वर्कर्स की सामाजिक सुरक्षा पर राहुल का जोर, भाजपा पर साधा निशाना
बोले- कांग्रेस कर्मचारियों को कंपनियों का पार्टनर बनाना चाहती है, तेलंगाना में बीमा कवर, विश्राम केंद्र और डेटा देखने का मिलेगा अधिकार
हैदराबाद (ए)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गिग इकोनॉमी से जुड़े कर्मचारियों के हितों को लेकर भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस की नीतियां बड़े उद्योगपतियों के हितों को प्राथमिकता देती हैं, जबकि गिग वर्कर्स से लंबे समय तक काम कराया जाता है और उन्हें पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिलती। राहुल ने कहा कि कांग्रेस की सोच इसके विपरीत है। वह गिग वर्कर्स को बंधुआ मजदूर के बजाय व्यवस्था का भागीदार बनाना चाहती है, ताकि उन्हें सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य मिल सके।
हैदराबाद में गिग वर्कर्स के बीच पहुंचे राहुल गांधी ने तेलंगाना सरकार की ओर से प्रस्तावित कल्याणकारी सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में गिग वर्कर्स को 5 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपए का हेल्थ इंश्योरेंस देने की योजना बनाई जा रही है। इसके साथ ही प्रत्येक राइड और डिलीवरी ट्रांजेक्शन पर 1 प्रतिशत राशि कर्मचारियों के भविष्य के लिए उनके बैंक खाते में जमा कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।
राहुल ने कहा कि डिलीवरी और कैब सेवाओं में काम करने वाले लोग दिनभर सड़कों पर रहते हैं। तेज धूप और लगातार काम के बीच उनके पास आराम करने तक की समुचित जगह नहीं होती। इस समस्या को देखते हुए तेलंगाना के शहरों में गिग वर्कर्स के लिए विशेष रेस्ट जोन विकसित किए जाएंगे।
उन्होंने कर्मचारियों के डेटा अधिकारों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में डेटा सबसे महत्वपूर्ण संसाधनों में शामिल है। बड़ी कंपनियां डेटा के आधार पर काम करती हैं, लेकिन गिग वर्कर्स को अपने काम से संबंधित जानकारी तक आसानी से उपलब्ध नहीं होती। अब नई व्यवस्था के तहत कर्मचारी अपने काम का पूरा ब्योरा मोबाइल फोन पर देख सकेंगे। इससे उन्हें यह जानकारी मिल पाएगी कि उन्होंने कितना काम किया और उनकी सेवाओं से संबंधित रिकॉर्ड क्या है।
राहुल गांधी ने कहा कि कुछ समय पहले गिग वर्कर्स के साथ हुई बैठक में उन्होंने उनकी समस्याएं सुनी थीं। कांग्रेस और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने उनकी मांगों पर कार्रवाई तथा सुरक्षा देने का भरोसा दिलाया था। सरकार अब उन वादों को पूरा करने की दिशा में कदम उठा रही है।
कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी गिग वर्कर्स की बाइक रैली में शामिल हुए। इस दौरान कैब ड्राइवरों, डिलीवरी कर्मचारियों और ऐप आधारित सेवाओं से जुड़े लोगों ने अपनी भागीदारी निभाई। हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस की भारत समिट में भी राहुल गांधी दूसरे दिन शामिल होंगे।
suntimes 