जज और सुप्रीम कोर्ट की वकील बनकर सहेली को लगाया चूना, 1.88 लाख की ठगी

भाई का पारिवारिक मामला खत्म कराने का दिया झांसा, पुलिस अधिकारी और वरिष्ठ अधिवक्ता के नाम पर वसूली रकम; नया आईफोन खरीदने की बात आई सामने

जज और सुप्रीम कोर्ट की वकील बनकर सहेली को लगाया चूना, 1.88 लाख की ठगी

रायपुर। कानून की जानकार और न्यायिक अधिकारी होने का झूठा रौब दिखाकर एक युवती ने अपनी ही बचपन की सहेली को ठगी का शिकार बना लिया। आरोपी ने खुद को सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता और राजस्थान में चयनित सिविल जज बताकर सहेली के भाई का पारिवारिक विवाद सुलझाने का भरोसा दिया। इसके बाद पुलिस अधिकारी से सेटिंग कराने, वरिष्ठ वकील की फीस और कॉल डिटेल निकलवाने के नाम पर 1.88 लाख रुपए वसूल लिए। पीड़िता को जब उसकी असली पहचान पर संदेह हुआ और उसने रकम लौटाने की मांग की तो आरोपी ने उल्टे धमकी देनी शुरू कर दी। मामले में खमतराई पुलिस ने पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

पुरानी दोस्ती का भरोसा बना ठगी का जरिया

मामले की शिकायतकर्ता आरजू शर्मा (24) खमतराई की रहने वाली हैं और निजी शिक्षिका हैं। पूजा से उनकी दोस्ती स्कूल के समय से थी। दोनों ने डैजल पब्लिक स्कूल में शुरुआती कक्षाओं में साथ पढ़ाई की थी। सोशल मीडिया के माध्यम से भी उनका संपर्क बना रहा। आरजू के मुताबिक, पूजा ने सोशल मीडिया पर वकील की पोशाक में तस्वीरें डालकर खुद को सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता बताया था। इसी पहचान के आधार पर उसने आरजू का विश्वास हासिल किया।

पारिवारिक विवाद को अवसर बनाकर शुरू की वसूली

आरजू के भाई आदित्य और उनकी पत्नी प्राची के बीच विवाद चल रहा था। प्राची ने आदित्य के साथ आरजू और उनकी मां के खिलाफ भी क्रूरता एवं उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। परिवार इस मामले को लेकर परेशान था। इसी दौरान आरजू ने पूजा से मदद मांगी। आरोप है कि पूजा ने बड़े पुलिस अधिकारियों और न्यायिक अधिकारियों से संपर्क होने का दावा कर विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी लेने की बात कही।

खुद को राजस्थान कैडर की जज बताया

सितंबर में रायपुर आने के बाद पूजा ने आरजू को बताया कि उसका राजस्थान कैडर में सिविल जज के पद पर चयन हो गया है। प्रशिक्षण में होने के कारण वह खुद मुकदमा नहीं लड़ सकती। उसने सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अमानत उल्ला खान से केस लड़वाने का भरोसा दिया और आरजू की उनसे मुलाकात भी कराई। इस पूरी प्रक्रिया में यात्रा खर्च और वकील की फीस के नाम पर भी रकम ली गई।

दो लाख पुलिस को देने का दावा

पीड़िता की शिकायत के अनुसार, 16 सितंबर को पूजा ने दावा किया कि मोहला-मानपुर चौकी के पुलिस अधिकारी मनीष से उसकी बात हो गई है। परिवार को एफआईआर से बचाने और विवाद खत्म कराने के लिए 2 लाख रुपए देने होंगे। इसके साथ ही वकील और अपनी फीस के नाम पर 50 हजार रुपए की मांग की गई। आरजू ने ऑनलाइन भुगतान के अलावा नकद में भी 1.5 लाख रुपए दिए। आरोपी के परिजनों ने भी उसके जज बनने और काम करा देने का भरोसा दिलाया।

सीडीआर निकलवाने के नाम पर अलग से रकम ली

इसी रात पूजा आरजू और उनके भाई के साथ मोहला-मानपुर चौकी पहुंची। कुछ देर बाद उसने क्यूआर कोड भेजकर प्राची और उसके परिचितों की कॉल डिटेल निकलवाने के लिए 18 हजार रुपए मांगे। रकम मिलने के बाद उसने दावा किया कि अब मामला खत्म हो जाएगा। हालांकि, बाद में आरजू को इस पूरी प्रक्रिया पर संदेह होने लगा।

वकील ने भी पूजा के दावों पर उठाए सवाल

पूजा की एक परिचित से आरजू को पता चला कि उसने कानून की पढ़ाई तक पूरी नहीं की है। इसके बाद उन्होंने अधिवक्ता अमानत उल्ला खान से संपर्क किया। उनके मुताबिक, पूजा उनसे रकम वापस ले चुकी थी और उन्होंने उसके किसी प्रमाणपत्र या पहचान संबंधी दस्तावेज की जांच नहीं की थी। इस बीच फैमिली कोर्ट में याचिका लगाने के नाम पर 50 हजार रुपए और मांगे गए। आरजू ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया।

आईफोन दिखाया, पैसे मांगने पर धमकाया

आरजू का आरोप है कि 16 सितंबर को पैसे लेने के बाद पूजा नया आईफोन खरीदकर लाई और उसे दिखाया। पीड़िता को शक है कि ठगी की रकम से ही फोन खरीदा गया। 3 अक्टूबर को जब आरजू पैसे वापस मांगने उसके घर पहुंचीं तो पूजा ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। उसने खुद को सुप्रीम कोर्ट की वकील और सिविल जज बताते हुए झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी।

धोखाधड़ी की धाराओं में एफआईआर

पीड़िता ने 4 अक्टूबर को खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने 12 नवंबर को पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 319(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम, रकम के लेनदेन और आरोपी की कथित फर्जी पहचान से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।