कांग्रेस अधिवेशन का आखिरी दिन: 2 बजे खड़गे संबोधित करेंगे, 3 बजे पार्टी की मेगा रैली

कांग्रेस अधिवेशन का आखिरी दिन: 2 बजे खड़गे संबोधित करेंगे, 3 बजे पार्टी की मेगा रैली

रायपुर(ए)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चल रहे कांग्रेस के 85वें अधिवेशन का आज तीसरा और आखिरी दिन है। अधिवेशन की शुरुआत राहुल गांधी के स्पीच के साथ होगी। राहुल अब से थोड़ी देर में बोलेंगे। इसके बाद 3 प्रस्तावों पर चर्चा होगी। दोपहर 2 बजे पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का भी संबोधन होगा। 3 बजे मेगा रैली के साथ अधिवेशन समाप्त हो जाएगा।

रविवार यानी आज अधिवेशन के आखिरी दिन कृषि-किसान कल्याण, युवा रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण जैसे प्रस्ताव पर बात होगी। अधिवेशन के समापन में होने वाली मेगा रैली में करीब दो लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है।

सोनिया गांधी का राजनीति से रिटायरमेंट का इशारा
अधिवेशन के दूसरे दिन शनिवार यानी 25 फरवरी को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राजनीति से रिटायरमेंट का इशारा कर दिया। सोनिया ने कहा- 1998 में जब मैं पहली बार पार्टी अध्यक्ष बनी तब से लेकर आज तक यानी पिछले 25 सालों में बहुत कुछ अच्छा और कुछ बुरा अनुभव भी रहा।

2004 और 2009 में पार्टी का परफॉर्मेंस हो या फिर मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का मेरा निर्णय। यह व्यक्तिगत तौर पर मेरे लिए संतोषजनक रहा। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का मुझे पूरा सहयोग मिला। जिस बात से मुझे सबसे ज्यादा संतुष्टि है, वह ये कि भारत जोड़ो यात्रा के साथ अब मेरी पारी समाप्त हो सकती है। ये पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ है।

खड़गे ने कहा- 2024 लोकसभा चुनाव में विपक्षी एकता जरूरी
पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अधिवेशन के दूसरे दिन अपने संबोधन में विपक्षी एकता की बात की। खड़गे ने कहा- 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए पूरे विपक्ष को एक मंच पर आना होगा। विपक्षी पार्टियों को थर्ड फ्रंट से बचना चाहिए। इस तरह का निर्णय उल्टे भाजपा को ही मजबूत करता है।

खड़गे ने कहा कि देश में नफरत का माहौल है। सरकार रेल, जेल, तेल सब कुछ अपने मित्रों को बेच रही है। आज देश में कांग्रेस के बनाए संस्थानों-उद्योगों को भाजपा की सरकार बेच रही है। वे अपने मित्रों को फायदा पहुंचा रहे हैं। दिल्ली सरकार में बैठे लोगों का DNA गरीब विरोधी है।

कांग्रेस के संविधान में बदलाव किया गया है। उनमें ये प्रमुख हैं...

  • अनूसूचित जाति, आदिवासी, अल्पसंख्यकों और पिछड़ों के लिए AICC डेलीगेट्स और सभी पदों पर 50 फीसदी पद आरक्षित होंगे।
  • 50 फीसदी पदों में 50 साल से कम के लोगों की भागीदारी होगी।
  • 1 जनवरी 2025 से कांग्रेस में अब पेपर मेंबरशिप नहीं होगी, सिर्फ डिजिटल मेंबरशिप होगी।
  • कांग्रेस के फार्म में थर्ड जेंडर की चर्चा होगी, अब फार्म में मां और पत्नी का नाम भी लिखा जाएगा।
  • ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर जहां भी कांग्रेस के चुने हुए सदस्य हैं। वे सभी डेलीगेट्स होंगे।
  • सदस्यतता से सशक्तिकरण की ओर अब 6 पीसीसी डेलिगेट्स मेंबर पर एक AICC मेंबर चुना जाएगा। अभी तक 8 पर चुना जाता था।
  • AICC मेंबर की संख्या 1240 से बढ़कर 1653 हो जाएगी।