सब जूनियर बालिका हॉकी टीम के चयन के लिए ट्रायल, 26 खिलाड़ी चयनित
राजनांदगांव में आयोजित एक दिवसीय स्पर्धा में 76 बालिका खिलाड़ियों ने लिया भाग, रांची राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम का होगा प्रतिनिधित्व

राजनांदगांव स्थित अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ की सब जूनियर बालिका हॉकी टीम के चयन के लिए एक दिवसीय ट्रायल स्पर्धा आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आई 76 प्रतिभाशाली बालिकाओं ने हिस्सा लिया, जिनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 26 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के तत्वावधान में सब जूनियर बालिका हॉकी टीम के लिए एक दिवसीय चयन ट्रायल का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, राजनांदगांव में किया गया। ट्रायल का संचालन छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी के मार्गदर्शन में हुआ, जिसमें प्रदेश के मान्यता प्राप्त जिलों और संस्थानों से आईं 76 बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया।
छत्तीसगढ़ हॉकी के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि 3 से 14 जुलाई 2025 तक रांची (झारखंड) में आयोजित होने जा रही 15वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर बालिका चैम्पियनशिप के लिए प्रदेश की टीम को तैयार किया जा रहा है। ट्रायल के आधार पर चयनित 26 खिलाड़ियों के लिए जल्द ही प्रशिक्षण शिविर राजनांदगांव में लगाया जाएगा। राष्ट्रीय चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ टीम का पहला मुकाबला 3 जुलाई को दादरा एवं नगर हवेली के साथ होगा।
इस चयन ट्रायल में प्रमुख रूप से एनआईएस कोच अनुराज श्रीवास्तव, साई हॉकी कोच परमजीत सिंह, प्रहलाद तांडी, कार्तिक यादव, शैलेन्द्र वर्मा, आशा थॉमस, हिमांशु मलिक, आयुष साहू सहित अनेक खेल विशेषज्ञ उपस्थित रहे।