33 ठिकानों पर छापों में खुला महादेव सट्टा नेटवर्क का राज
सौरभ चंद्राकर से मिली जानकारी के बाद CBI की छह राज्यों में कार्रवाई, किराए के बैंक खातों में जमा होती थी रकम; हवाला से विदेश पहुंचाते थे आरोपी
रायपुर।महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के जरिए देशभर में फैले अवैध कारोबार की परतें अब खुलने लगी हैं। ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर CBI ने छह राज्यों में 33 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई जगहों पर ऑनलाइन सट्टे के लाइव पैनल संचालित होते मिले। जांच टीमों ने इन गतिविधियों को बंद कराते हुए मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और लेनदेन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। जांच में सट्टे की कमाई को छिपाने और विदेश भेजने के लिए बैंक खातों तथा हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई है।
एजेंसी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर 2026 को ओमान से भारत लाया गया था। गिरफ्तारी के बाद रायपुर की विशेष अदालत ने CBI को आठ दिन की पुलिस रिमांड दी थी। इस दौरान उससे ऐप के संचालन, आर्थिक लेनदेन और देश के विभिन्न शहरों में सक्रिय सट्टा पैनल संचालकों के संबंध में पूछताछ की गई। इसी जानकारी के आधार पर अलग-अलग राज्यों में एक साथ कार्रवाई की गई।
छत्तीसगढ़ से लेकर महाराष्ट्र-गुजरात तक फैला नेटवर्क
छापेमारी का दायरा छत्तीसगढ़ के रायपुर और दुर्ग से लेकर पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र तक रहा। अमृतसर, नागौर, धौलपुर, भोपाल, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर में भी जांच टीमें पहुंचीं। कार्रवाई के दौरान मिले उपकरणों और दस्तावेजों से नेटवर्क की कार्यप्रणाली तथा वित्तीय लेनदेन की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्राहकों को आईडी देकर वसूलते थे रकम
जांच एजेंसियों के मुताबिक, विदेश में बैठे संचालक भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों के माध्यम से सट्टेबाजी का कारोबार चला रहे थे। ये ऑपरेटर ग्राहकों को ऑनलाइन आईडी उपलब्ध कराते और उनके दांव की रकम एकत्र करते थे। लेनदेन को छिपाने के लिए दूसरे लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाए जाते थे। कई मामलों में खातों को किराए पर लेकर उनका इस्तेमाल किया जाता था। इसके बाद सट्टे से प्राप्त रकम को हवाला कारोबारियों के जरिए विदेश भेजा जाता था।
CBI के बाद ED की भी कार्रवाई
सौरभ चंद्राकर की CBI रिमांड पूरी होने पर 12 नवंबर 2026 को उसे रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा था। इसके बाद शुक्रवार को ED ने भी उसे गिरफ्तार कर सात दिन की कस्टोडियल रिमांड हासिल की। मामले में CBI द्वारा दर्ज दो प्राथमिकी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
सरकारी कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में
CBI अब विदेश में सक्रिय आरोपियों के साथ उन लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिन्होंने सट्टा पैनल चलाने और आर्थिक लेनदेन में मदद की। इसके अलावा संबंधित सरकारी कर्मचारियों की संभावित भूमिका की पड़ताल भी की जा रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए दूसरे देशों के साथ कानूनी प्रक्रिया जारी है।
बैंक खाता या सिम देना पड़ सकता है भारी
एजेंसी ने आम लोगों को चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टा और जुआ गैरकानूनी है। किसी अनजान व्यक्ति को बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज देकर उसके माध्यम से लेनदेन कराना भी जोखिमपूर्ण है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति की भूमिका की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
suntimes 