अब राशन कार्ड के लिए देना होगा परिवार का पूरा हिसाब-किताब
40 बिंदुओं में मांगी जाएगी जानकारी, घर में फ्रिज-एसी से लेकर बैंक बैलेंस और संपत्ति तक का देना होगा विवरण
रायपुर। खाद्य विभाग ने राशन वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने और अपात्र लोगों को योजना का लाभ लेने से रोकने के लिए स्मार्ट पीडीएस 2.0 के तहत आवेदन प्रक्रिया में बदलाव किया है। अब नए बीपीएल और एपीएल राशन कार्ड के लिए 40 अलग-अलग बिंदुओं पर जानकारी देनी होगी। पहले की तुलना में आवेदन में व्यक्तिगत और आर्थिक विवरण का दायरा बढ़ाया गया है।
आवेदन में परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड, परिवार के मुखिया के बैंक खाते का स्टेटमेंट, संपत्ति का विवरण, जाति प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र और शैक्षणिक योग्यता जैसी जानकारियां मांगी जाएंगी। इसके साथ ही परिवार की वैवाहिक स्थिति और स्वास्थ्य संबंधी विवरण भी दर्ज करना होगा।
महिला मुखिया की फोटो की जगह परिवार की संयुक्त तस्वीर
राशन कार्ड आवेदन में फोटो को लेकर भी बदलाव किया गया है। अब तक कार्ड में परिवार की महिला मुखिया की पासपोर्ट साइज फोटो लगाई जाती थी, लेकिन नई व्यवस्था में परिवार के सभी सदस्यों की एक साथ खिंचवाई गई तस्वीर अपलोड करनी होगी। इससे कार्ड में दर्ज सदस्यों की पहचान और पारिवारिक विवरण का मिलान करना आसान होगा।
घर में कौन-कौन सी सुविधाएं, देना होगा जवाब
आवेदन के दौरान परिवार को घरेलू सुविधाओं की जानकारी भी देनी होगी। घर में एयर कंडीशनर, फ्रिज, टीवी और एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध है या नहीं, इसका विवरण देना होगा। इसके अलावा संपत्ति और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी भी आवेदन का हिस्सा बनाई गई है।
सदस्य का नाम बदलने पर भी बढ़ी औपचारिकता
राशन कार्ड में किसी सदस्य का नाम जुड़वाने या हटवाने के लिए भी अब ऑनलाइन आवेदन करना होगा। संबंधित व्यक्ति के दस्तावेजों के साथ नाम जोड़ने या हटाने का स्पष्ट कारण दर्ज करना अनिवार्य होगा। पहले राशन कार्ड और आधार नंबर के आधार पर यह प्रक्रिया अपेक्षाकृत आसान थी।
अधूरी जानकारी पर स्वीकार नहीं होगा आवेदन
नई व्यवस्था में ऑफलाइन आवेदन की सुविधा नहीं होगी। आवेदक को स्मार्ट पीडीएस 2.0 पोर्टल पर ही आवेदन करना होगा। निर्धारित 40 बिंदुओं में से कोई जानकारी छूटने या आवश्यक दस्तावेज अपलोड नहीं होने पर ऑनलाइन फॉर्म जमा नहीं हो सकेगा। आवेदन स्वीकृत होने के बाद राशन कार्ड संबंधित जोन कार्यालय से पहले की तरह प्राप्त किया जा सकेगा।
प्रदेश में 83.31 लाख से अधिक राशन कार्डधारी परिवार हैं। ऐसे में नई प्रक्रिया का असर नए कार्ड बनवाने के साथ ही पुराने कार्डों में संशोधन कराने वाले आवेदकों पर भी पड़ेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पात्रता के मौजूदा मापदंडों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
suntimes 