भाई की शराबखोरी बनी खूनी विवाद की वजह, बहन ने लोढ़े से हमला कर ली जान
दुर्ग के गोड़पेण्ड्री गांव में वारदात, सिर और चेहरे पर किए कई प्रहार; पहले अज्ञात हमलावर की कहानी बताई, पूछताछ में हत्या स्वीकार की
दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र के गोड़पेण्ड्री गांव में भाई-बहन के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां धन्नी धनकर ने कथित तौर पर अपने भाई धर्मेंद्र पाल की सीलबट्टे से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, महिला ने भाई के सिर और बाईं आंख के ऊपर लोढ़े से कई वार किए थे। गंभीर चोट लगने से धर्मेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, 14 नवंबर को गांव में धर्मेंद्र की मौत की खबर सामने आई। परिजनों ने सरपंच को फोन कर बताया कि वह अपने कमरे में खून से लथपथ पड़ा है। इसके बाद सरपंच गांव के दो लोगों के साथ उसके घर पहुंचे। कमरे में धर्मेंद्र बिस्तर पर पड़ा था। उसके चेहरे और सिर के आसपास खून फैला हुआ था। आंख और कान के पास भी चोट के निशान दिखाई दे रहे थे।
जांच में बहन पर गहराया संदेह
घटना की जानकारी मिलने पर उतई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शुरुआती दौर में धन्नी ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके भाई पर हमला किया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। चोटों की प्रकृति और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की आशंका मजबूत होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
निशानदेही पर बरामद हुआ सीलबट्टा
पुलिस ने संदेह के आधार पर धन्नी धनकर से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने भाई की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया सीलबट्टा जब्त कर लिया। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
शराब को लेकर घर में होता था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि धर्मेंद्र को शराब पीने की आदत थी। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद की स्थिति बनती थी। धन्नी पिछले चार-पांच वर्षों से मायके में रह रही थी। ग्रामीणों के अनुसार, धर्मेंद्र की पत्नी भी करीब एक साल से मायके में है। दंपती की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र 8 और 10 वर्ष बताई गई है। धर्मेंद्र पहले सीमेंट प्लांट में काम करता था, जबकि बाद में मजदूरी करके परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
suntimes 