शराब घोटाले की जांच में ED की बड़ी कार्रवाई, कुम्हारी में 355 प्लॉट जब्त

चैतन्य बघेल से जुड़ी संपत्तियों की कीमत करीब 61 करोड़ रुपए, प्राधिकरण की मंजूरी के बाद विट्ठल कॉलोनी के मुख्य गेट पर चस्पा किया नोटिस

शराब घोटाले की जांच में ED की बड़ी कार्रवाई, कुम्हारी में 355 प्लॉट जब्त

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच अब रियल एस्टेट संपत्तियों की जब्ती तक पहुंच गई है। प्रवर्तन निदेशालय ने कुम्हारी की विट्ठल कॉलोनी में चैतन्य बघेल से जुड़ी 355 संपत्तियों को अपने कब्जे में ले लिया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, इनकी कीमत करीब 61 करोड़ रुपए है और इन्हें कथित शराब घोटाले से अर्जित रकम के जरिए खरीदा गया था। PMLA प्राधिकरण की मंजूरी के बाद की गई इस कार्रवाई से मामले में संपत्ति कुर्की का दायरा और बढ़ गया है।

दुर्ग-भिलाई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से संबंधित संपत्तियों पर प्रवर्तन निदेशालय ने कुम्हारी में कार्रवाई की है। शनिवार को ED के अधिकारियों ने विट्ठल कॉलोनी पहुंचकर 355 प्लॉटों पर कब्जा किया। कार्रवाई की जानकारी देने के लिए कॉलोनी के मुख्य गेट पर आधिकारिक नोटिस भी लगाया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट विकसित किए गए हैं। इनमें से 30 प्लॉट की बिक्री पहले ही हो चुकी है। इसलिए इन 30 प्लॉटों को कार्रवाई से अलग रखते हुए शेष 355 प्लॉट जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्तियों में एक व्यावसायिक भूखंड भी शामिल है।

अवैध कमाई को जमीन में निवेश करने का दावा

करीब 3 हजार करोड़ रुपए के कथित शराब घोटाले की जांच कर रही ED का आरोप है कि घोटाले से हासिल अवैध रकम को रियल एस्टेट सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश किया गया। एजेंसी के अनुसार, चैतन्य बघेल शराब सिंडिकेट के शीर्ष स्तर पर काम कर रहे थे और कथित अवैध आर्थिक लेन-देन का हिसाब रखते थे। इसी जांच के आधार पर उनकी संपत्तियों की पहचान कर मनी लॉन्ड्रिंग निरोधक कानून के तहत कार्रवाई की गई है।

पहले अस्थायी कुर्की, अब कब्जे की कार्रवाई

जांच एजेंसी ने 10 नवंबर 2025 को चैतन्य बघेल से जुड़ी संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क करने का आदेश जारी किया था। इसके बाद 8 दिसंबर 2025 को निर्णायक प्राधिकरण के समक्ष शिकायत दाखिल की गई। मामले में 19 मार्च 2026 को सुनवाई हुई और 23 मार्च को जारी आदेश में संपत्तियों की कुर्की को मंजूरी प्रदान की गई।

कई तरह की संपत्तियों का आदेश में उल्लेख

ED की ओर से जारी आदेश में केवल कुम्हारी की विट्ठल कॉलोनी ही नहीं, बल्कि अन्य संपत्तियों का भी उल्लेख है। इनमें भिलाई-3 स्थित करीब 1.64 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की संपत्ति, आवासीय मकान, दुर्ग की व्यावसायिक संपत्ति, बैंक खातों में जमा रकम, फिक्स्ड डिपॉजिट और पाटन तहसील के ग्राम कुरुडीह की कृषि भूमि शामिल हैं। आदेश की प्रतियां चैतन्य बघेल के भिलाई-3 स्थित मानसरोवर आवासीय परिसर के घर के बाहर भी चस्पा की गई थीं।

आदेश को चुनौती देने का अधिकार बरकरार

ED की ताजा कार्रवाई के बाद विट्ठल कॉलोनी के प्लॉटों पर कब्जा होने से संपत्तियों की कुर्की की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। हालांकि, संबंधित पक्ष के पास इस आदेश के खिलाफ अपीलीय न्यायाधिकरण में जाने का विकल्प मौजूद है। निर्धारित 45 दिनों की अवधि में ऑनलाइन अपील दाखिल की जा सकती है।