मंडला में छिपा था चिट्टा तस्करी का आरोपी, सुपेला पुलिस ने दबोचा

जुलाई की कार्रवाई के बाद से फरार था वैभव सोनी, लाल कार से नशे की खेप लेकर ग्राहक तलाशने का आरोप

मंडला में छिपा था चिट्टा तस्करी का आरोपी, सुपेला पुलिस ने दबोचा

भिलाई। चिट्टा तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने में सुपेला पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने करीब चार महीने बाद 25 वर्षीय वैभव सोनी को मध्यप्रदेश के मंडला से गिरफ्तार किया। जुलाई में कोसानगर-गांधीनगर क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान उसके दो साथी पकड़े गए थे, जबकि वैभव पुलिस की गिरफ्त से बच निकला था। लगातार तलाश और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने मंडला में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। मंगलवार को उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मुखबिर की सूचना पर खुला था मामला

18 जुलाई को सुपेला पुलिस को सूचना मिली थी कि लाल रंग की कार में कुछ लोग हेरोइन लेकर कोसानगर-गांधीनगर क्षेत्र में ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान मोहम्मद इम्तियात उर्फ सरफराज और मोहम्मद फैजान पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से 8.85 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। साथ ही दो मोबाइल फोन और लाल रंग की कार क्रमांक CG 07 CV 3587 भी जब्त की गई। जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 9.94 लाख रुपए बताई गई।

फरारी के बाद मंडला पहुंचा

दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस तीसरे आरोपी वैभव सोनी की तलाश कर रही थी। वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस ने उसकी गतिविधियों से जुड़े तकनीकी इनपुट जुटाए। इसी दौरान उसके मंडला में होने की जानकारी मिली। इसके बाद सुपेला पुलिस की टीम ने मध्यप्रदेश पहुंचकर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार वैभव सोनी हाउसिंग बोर्ड जामुल का रहने वाला है। उसे दुर्ग लाकर पूछताछ एवं अन्य औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद 24 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार में रखकर बेचने की थी तैयारी

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी आपसी समन्वय से कार में हेरोइन रखकर इलाके में घूम रहे थे। उनका उद्देश्य संभावित ग्राहकों की तलाश कर नशीले पदार्थ की बिक्री करना था। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली और कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। फरार वैभव अब पकड़ा गया है।

हेरोइन समेत कार और मोबाइल जब्त

पूर्व कार्रवाई में पुलिस ने 2.65 ग्राम हेरोइन की कीमत करीब 53 हजार रुपए और 6.20 ग्राम की कीमत करीब 1 लाख 24 हजार रुपए आंकी थी। इसके अलावा करीब 7 हजार रुपए का रियलमी मोबाइल, करीब 10 हजार रुपए का मोटोरोला मोबाइल और करीब 8 लाख रुपए कीमत की कार जब्त की गई थी। पुलिस के अनुसार जब्त मशरूके की कुल कीमत 9 लाख 94 हजार रुपए है।

तीनों आरोपियों पर NDPS एक्ट की कार्रवाई

थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1018/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8 और 21 में मामला दर्ज किया गया है। पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था। अब वैभव सोनी की गिरफ्तारी के बाद प्रकरण में शामिल तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई पूरी कर ली गई है।