महिला कांग्रेस ने बदली जिलों की कमान, 17 जिलों में नई अध्यक्षों की नियुक्ति
प्रगति बाजपेयी को रायपुर शहर और बरखा साहू को ग्रामीण क्षेत्र का दायित्व, अलका लांबा की मंजूरी के बाद जारी हुई पहली सूची
रायपुर। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस में जिला स्तर पर संगठनात्मक बदलाव की शुरुआत हो गई है। संगठन ने प्रदेश के 17 जिलों में महिला नेतृत्व को नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए जिलाध्यक्षों की पहली सूची जारी की है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की मंजूरी से जारी इस सूची में रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर जैसे प्रमुख जिलों में नई नियुक्तियां की गई हैं। इसके साथ ही सरगुजा, सूरजपुर, रायगढ़, गरियाबंद और अन्य जिलों में भी संगठन की कमान नई पदाधिकारियों को दी गई है।
छत्तीसगढ़ में महिला कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए जिला स्तर पर नई नियुक्तियां की गई हैं। जारी सूची के अनुसार रायपुर शहर की अध्यक्ष प्रगति बाजपेयी और रायपुर ग्रामीण की अध्यक्ष बरखा साहू होंगी। बिलासपुर शहर में प्रीति पटनवार तथा बिलासपुर ग्रामीण में सीमा पांडे को जिम्मेदारी दी गई है।
दुर्ग जिले में भी शहर और ग्रामीण इकाइयों के नेतृत्व में बदलाव किया गया है। यहां दुर्ग शहर की अध्यक्ष प्रेमलता साहू और दुर्ग ग्रामीण की अध्यक्ष योगिता चंद्राकर बनाई गई हैं।
इन जिलों में भी सौंपी गई संगठन की जिम्मेदारी
सरगुजा में अनीमा केरकेट्टा को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सूरजपुर जिले को शहर और ग्रामीण दो इकाइयों में बांटते हुए शहर की जिम्मेदारी लिली राजवाड़े और ग्रामीण की जिम्मेदारी बबीता गुप्ता को दी गई है।
इसी क्रम में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई से आरती महोबिया, गरियाबंद से मंजू ध्रुव और बलौदाबाजार-भाटापारा से ललिता यादव को अध्यक्ष बनाया गया है।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर शहर में रूमा चटर्जी, कबीरधाम में अन्नपूर्णा चंद्राकर, रायगढ़ में संगीता गुप्ता, रिसाली (भिलाई नगर) में शशि सिन्हा और मुंगेली में उर्मिला यादव को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की तैयारी
महिला कांग्रेस की इस पहली सूची के बाद जिला इकाइयों में नई नेतृत्व व्यवस्था लागू होगी। नई अध्यक्षों के सामने संगठन को मजबूत करने, महिला कार्यकर्ताओं को जोड़ने और स्थानीय स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी रहेगी।
suntimes 