दिसंबर चुनाव से पहले जामुल में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन

अरुण साव ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, 20 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात; मानस भवन के लिए 2 करोड़ की घोषणा

दिसंबर चुनाव से पहले जामुल में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन

दुर्ग-भिलाई। दिसंबर में होने वाले जामुल नगर पालिका चुनाव की सरगर्मी अभी से तेज होने लगी है। रविवार को भाजपा ने विकास कार्यों के कार्यक्रम के बहाने बड़ा जनसमागम आयोजित किया। इसमें उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने करीब 20 करोड़ रुपए के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

साव ने नगर में मानस भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को अगले दिन से ही काम प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जामुल के विकास के लिए अब तक 54 करोड़ 26 लाख रुपए के कार्यों की सौगात दी गई है। सड़क, नाली और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

निकाय चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को दिया लक्ष्य

कार्यक्रम में विकास योजनाओं के साथ चुनावी संदेश भी प्रमुखता से दिया गया। अरुण साव ने कहा कि नगर पालिका में अध्यक्ष पद तक पहुंचने के लिए पार्षदों की संख्या महत्वपूर्ण है। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक वार्डों में पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए मेहनत करनी होगी। उन्होंने सरकार के कामकाज और विकास योजनाओं को चुनाव का प्रमुख आधार बनाने की बात कही।

नगरीय विकास को बताया सरकार की प्राथमिकता

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नगरीय निकायों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ शहरों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम कर रही है। विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन का असर अब राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखाई दे रहा है। प्रदेश के शहरों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार मिलना इसी दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम है।

सोना खरीदने की अपील का किया समर्थन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना खरीदने को लेकर की गई अपील पर साव ने कहा कि प्रधानमंत्री का हर आग्रह देश और आम जनता के हितों को ध्यान में रखकर होता है। उनकी इस अपील के पीछे भी जनहित का उद्देश्य था। उन्होंने कहा कि इसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिले हैं।

कांग्रेस के रवैये पर उठाए सवाल

अपने संबोधन में साव ने कांग्रेस पर संविधान के मुद्दे को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने का काम किया और अब विपक्ष में रहकर संविधान की दुहाई दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।