15 करोड़ दो, वरना परिवार के सदस्य की हत्या कर देंगे
दुर्ग के दवा कारोबारी को वॉट्सऐप पर भेजा धमकी भरा संदेश, कॉल कर विस्फोट से उड़ाने की भी चेतावनी; पुलिस ने घर के बाहर बढ़ाई सुरक्षा
दुर्ग। दुर्ग में एक दवा कारोबारी को 15 करोड़ रुपए की रंगदारी के लिए धमकाने का मामला सामने आया है। वॉट्सऐप पर वॉइस नोट भेजकर और फोन कॉल के जरिए कारोबारी शशांक चोपड़ा को डराने की कोशिश की गई। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और रकम नहीं देने पर परिवार के सदस्य की हत्या करने की चेतावनी दी। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
दुर्ग के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद कारोबारी और उनका परिवार दहशत में है। 19 नवंबर को शशांक चोपड़ा के वॉट्सऐप पर धमकी से जुड़ा वॉइस नोट मिला था। इसके साथ ही फोन कॉल कर 15 करोड़ रुपए की मांग की गई। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर परिवार के एक सदस्य की हत्या करने की बात कही। धमकी में विस्फोट से उड़ाने की चेतावनी भी दी गई।
घटना के बाद शशांक चोपड़ा ने उसी दिन शाम को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने परिवार की सुरक्षा के इंतजाम किए। कारोबारी के घर के बाहर पिछले तीन दिनों से पुलिस बल तैनात है।
पुलिस अब धमकी देने वाले तक पहुंचने के लिए वॉट्सऐप संदेश, कॉल डिटेल और संबंधित मोबाइल नंबर की जांच कर रही है। अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने अभी तक इस घटना में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की भूमिका की पुष्टि नहीं की है। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि धमकी देने वाला वास्तव में किसी संगठित गिरोह से जुड़ा है या उसने केवल उसका नाम इस्तेमाल कर रंगदारी वसूलने की कोशिश की है।
मेडिकल उपकरणों की खरीदी में भी जांच के दायरे में आए थे कारोबारी
शशांक चोपड़ा मेडिकल उपकरणों, जांच में उपयोग होने वाली सामग्री और स्वास्थ्य संबंधी सामान की आपूर्ति का कारोबार करते हैं। छत्तीसगढ़ में मेडिकल उपकरण और री-एजेंट की खरीदी से जुड़े कथित घोटाले में भी उनका नाम सामने आया था।
जनवरी 2025 में एसीबी और ईओडब्ल्यू ने इस मामले में केस दर्ज किया था। बाद में ईडी ने भी वित्तीय लेनदेन की जांच शुरू की। जांच एजेंसियों ने खरीदी में अनियमितता और सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए थे। इस प्रकरण में शशांक चोपड़ा की गिरफ्तारी हुई थी। बाद में उन्हें अलग-अलग मामलों में अदालत से जमानत मिली थी।
suntimes 